छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर के बठेना वार्ड में एक बिजली के पोल में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि लपटें करीब 3 फीट ऊंचाई तक उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई और एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना बुधवार शाम को हुई। बठेना वार्ड में तालाब किनारे लगे करीब 20 फीट ऊंचे बिजली के पोल पर केबल वाली तार में आग लगी। आग लगने से केबल तार के लिए बना प्लास्टिक का स्टॉपेज डिब्बा जलकर राख हो गया।आग की वजह से प्लास्टिक का पिघला हुआ मलबा नीचे गिर रहा था, जिससे लोगों को पोल के पास जाने से रोका गया। वार्ड वासियों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। गनीमत रही कि आग लगने से बिजली का तार नहीं टूटा। यदि तार टूट जाता तो कई लोग करंट की चपेट में आ सकते थे, जिससे गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।


