पन्ना-कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेट बैंक के पास वाली गली में बाइक सवार बदमाशों ने महिला का मोबाइल छीन लिया। सोने का मंगलसूत्र खींचने की कोशिश की। शोर मचाने पर कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश बाइक लेकर भाग गए। पीड़ित महिला ने कोतवाली में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। पीड़ित विनीता साहू ने बताया कि रोजाना की तरह भांति सोमवार सुबह 8 बजे बच्चों को स्कूल बस तक छोड़ने गई थी। घर लौटते समय पीछे से आए नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाश आए। उन्होंने गला दबोच कर मोबाइल छीन लिया। गले से सोने का मंगलसूत्र भी छीनने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने दोनों हाथों से गले को कवर कर लिया। शोर मचाने पर आस-पास के लोग आ गए। बदमाशों का पीछा किया। बदमाश बेनीसागर तालाब की ओर संकरी गलियों में बाइक चलाते हुए फरार हो गए। कोतवाली टीआई रोहित मिश्रा ने बताया कि शिकायत पर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल कर व सायबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।


