मंडला के उपनगर महाराजपुर स्थित संगम के संतोषी माता घाट में सोमवार शाम से माहिष्मती घाट की तर्ज पर मां नर्मदा आरती की शुरुआत हुई। संगम में यह भव्य आरती सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार को होगी। स्थानीय नर्मदा भक्तों ने सोमवती अमावस्या के अवसर पर आरती कर इसका शुभारंभ किया। जिसमें कलेक्टर सोमेश मिश्रा भी शामिल हुए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार नर्मदा का यह संगम तट प्राचीन धार्मिक स्थल है। यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में तीर्थ यात्री पैदल परिक्रमावासी आते हैं। इसलिए यहां भी नर्मदा जी की भव्य रूप में आरती होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने गंगा आरती की तरह मंडला के माहिष्मती घाट में नर्मदा पंच चौकी आरती की शुरुआत कराई है। उसकी प्रेरणा से हमने महाराजपुर संगम घाट में महाआरती का संकल्प लिया है, जिसे क्रमशः आगे बढ़ाएंगे। इस अवसर पर एसडीएम मंडला सोनल सिडाम, मुख्य नगरपालिका अधिकारी गजानंद नाफड़े सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, समाजसेवी, धर्मप्रेमी, व्यापारीगण, श्रद्धालु, बूढ़े, बच्चे, युवा, महिलाएं मौजूद रहीं।


