लुधियाना रेलवे स्टेशन से किडनैप बच्चा बरामद:आरोपी महिला का खुलासा-जुड़वां बच्चों की हो गई थी मौत; इसी कारण उठाया लड़का

पंजाब के लुधियाना रेलवे स्टेशन पर दो दिन पहले आधी रात को 1 साल के मासूम बच्चे का अपहरण करने का मामला सामने आया था। पुलिस ने इस केस को रात करीब पौने 12 बजे हल कर लिया है। बच्चे को पुलिस ने ग्यासपुरा इलाके से बरामद किया है। वहीं से पुलिस ने आरोपी महिला अनीता को काबू किया है। बच्चा चोरी करते समय महिला के साथ दिखने वाला सहयोगी उसका मुंहबोला भाई है। अनीता का पति मुम्बई में काम करता है, वह काफी समय से यहां अकेली अपनी बेटे के साथ रहती है। सामने आया है कि अनीता ने पुलिस के पास खुलासा किया है कि उसके एक बेटी है। कुछ वर्ष पहले उसके दो जुड़वां बच्चे हुए थे जिनकी मौत हो गई थी। वह काफी समय से परेशान थी। उसने जब बच्चे को खेलता देखा तो उसने मन बना लिया कि वह बच्चे को अपने साथ अपने घर लेकर जाएगी और उसका पालन-पोषण करेगी। लेकिन पुलिस महिला की इन बातों को शक के दायरे में रख कर जांच कर रही है। पुलिस को बच्चों की तस्करी करने का है शक। आरोपी महिला बोली-भाई को जालंधर में डॉक्टर को दिखाना आरोपी अनीता ने पुलिस को बताया है कि उसने अपने भाई को जालंधर में किसी डॉक्टर को दिखाना था, इस कारण वह रेलवे स्टेशन पर आई थी। लुधियाना से जालंधर का रास्ता ट्रेन के जरिए महज 1 घंटे का है। आधी रात को महिला ने किस डॉक्टर के पास जाना था, उसका ये जवाब भी पुलिस के समक्ष शक जाहिर कर रहा है। फिलहाल पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। जीआरपी के अधिकारी इस मामले की जांच में जुटे है। अब जानिए क्या है पूरा मामला…. यूपी से आई लुधियाना : 16 सितंबर की रात करीब 11 बजे उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के पलिया बुजुर्ग गांव निवासी ललिता अपने दो बच्चों के साथ ट्रेन से लुधियाना आई थी। इस दौरान उसके साथ उसका छोटा बेटा राज (1) और दूसरा बेटा संस्कार (4) साथ थे। फैक्ट्री में काम करता है पति : ललिता अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर पति से मिलने आई थीं, लेकिन उसके पति आशीष ने उसे कहा कि फैक्ट्री का गेट बाहर से बंद है, इसलिए अब तो तुम्हें एंट्री नहीं मिल पाएगी, इसलिए बच्चों के साथ स्टेशन पर ही सो जाओ। बगल में पहुंची चोर महिला : पुलिस को दिए बयान में बच्चे के पिता आशीष ने बताया कि रात को जब उसके बच्चे और पत्नी स्टेशन पर सो रहे थे तो तभी वहां पर एक महिला और पुरुष भी पहुंचे। थोड़ी बातचीत के बाद वो बगल में ही बिस्तर लगाकर सो गए। रात को जब बड़े बेटे को टॉयलेट लगी तो उस महिला ने छोटे बेटे को उसके पास छोड़ने की बात भी कही थी, हालांकि ललिता जब बड़े बेटे को टॉयलेट कराकर वापस लौटी तो बच्चा वहीं पर सुरक्षित था। नींद खुली तो, बच्चा गायब मिला : सब कुछ ठीक चल रहा था, ललिता बच्चों के साथ सो गई थी, लेकिन जब सुबह उसकी नींद खुली तो छोटा बेटा राज वहां पर नहीं था, जिसके बाद सबसे पहले उसने मुझे कॉल किया और पुलिस को भी सूचना थी। अब जानिए आरोपियों ने कैसे मां के बगल से चोरी किया बच्चा रात 11 बजे बच्चा चोरों ने ली एंट्री : सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बच्चा चोर महिला मंगलवार (16 सितंबर) रात करीब 11 स्टेशन पर एंट्री लेती है। उसके साथ उसका एक साथी भी है। पुरुष साथी एक बैग भी लिए हुए है। जिसे देखकर लग रहा है कि दोनों यात्री हों। इसके बाद दोनों स्टेशन का मौका मुआयना करते हैं। टिकट काउंटर के पास बिछाया बिस्तर: दोनों बच्चा चोर कुछ देर तक स्टेशन का निरीक्षण करते हैं। इसके बाद वे टिकट काउंटर के पास चक्कर काटते रहे। कुछ देर बार वहां टहलने के बाद दोनों बिस्तर डालकर, ललिता के पास लेट जाते हैं। रात में ही करीब सवा 2 बजे दोनों उठते हैं और पास में सो रहे बच्चे को चुपचाप उठाकर वहां से बाहर निकल जाते हैं। काले सूट में जाती दिख रही महिला: सीसीटीवी फुटेज में दोनों ही स्टेशन से बाहर बने ठेके की तरफ जाते दिख रहे हैं। महिला काला सूट पहने नजर आ रही है। उसने गोद में बच्चे को ले रखा है। उसके पीछे ही बैग लिए उसका पुरुष साथी भी नजर आ रहा है। पुलिस के मुताबिक स्टेशन से बाहर निकलने के बाद दोनों ऑटो में बैठकर फरार हो गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *