नगरीय विकास एवं स्वायत शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने निकाय चुनाव को लेकर कहा- सरकार चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। जिस दिन अन्य पिछड़ा आयोग आंकड़े पेश कर देगा, हम लॉटरी निकालकर चुनाव आयोग को दे देंगे। अब चुनाव करवाना चुनाव आयोग का काम है। शुक्रवार को दौसा के बारादरी मैदान में शहरी सेवा शिविर में मंत्री खर्रा पहुंचे। शिविर का अवलोकन किया। विभिन्न योजनाओं में लाभार्थियों को पट्टे एवं चेक प्रदान किए। जन समस्याओं का निपटारा किया जा रहा मंत्री ने कहा- राज्य सरकार ने शहरी एवं ग्राम सेवा शिविरों का आयोजन किया है। इनके माध्यम से भूमि पट्टा, भूमि विभाजन, नामांतरण, सफाई, नाली, सड़क मरम्मत, रोशनी जैसे आवेदन प्राप्त कर आमजन की समस्याओं का जल्द निपटारा किया जा रहा है। साथ ही, लम्बित रहने वाले मामलों का तय समय सीमा में निपटारा किया जाएगा। मंत्री ने कहा- प्रदेश में बारिश के दौरान जहां भी सड़कें नालियां क्षतिग्रस्त हुई हैं, उसके लिए मंत्रिमंडल की बैठक में 1600 करोड़ रुपए तक की स्वीकृति के लिए आपदा मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को अधिकृत कर दिया गया है। प्रदेश के लिए 2 लाख रोड लाइट स्वीकृत कर दी गई हैं। ऐसे में दीपावली से पूर्व सड़कों की मरम्मत और शहर गली मोहल्ले रोशनी से जगमग होंगे। बारिश आई तो लोगों ने होर्डिंग-कुर्सियों से किया बचाव मंत्री के शिविर में निरीक्षण के दौरान हल्की बारिश आई तो लोगों को पंडाल में लगे बैनर, होर्डिंग और कुर्सियां सिर पर रखकर बारिश से बचाव किया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता जगमोहन मीणा, पूर्व विधायक शंकरलाल शर्मा, नगर परिषद सभापति कल्पना जैमन, कमिश्नर कमलेश मीणा समेत कई अन्य मौजूद रहे।


