UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा शनिवार को अलवर आए। यहां सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नरेश मीणा के आंदोलन को लेकर कहा कि कुछ लोग अपनी राजनीति को चमकाने के लिए ऐसे कदम उठाते हैं। उनका हल हमारे संविधान में नहीं है। सरकार जनता की भलाई के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने में लगी है। UDH मंत्री ने भूमाफिया की ओर से मास्टर प्लान के विपरीत और सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण करने के मामले में कहा कि ऐसे माफिया की शिकायत मिलने पर कार्यवाही की जाएगी। अलवर शहर में वैध कॉलानी लेकर आएंगे। ताकि आमजन को कम दर पर रहने को भूखंड मिल सके। नगर निकाय चुनावों को लेकर कहा कि वार्डों का परिसीमन पूरा कर लिया गया है। नगर निकाय विस्तार का मामला भी निपटा लिया गया है और चुनाव की सभी प्रारंभिक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अब राज्य निर्वाचन आयोग को मतदाता सूची तैयार करनी है। उसके बाद चुनाव कराएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग शहरी क्षेत्र से ओबीसी के आंकड़े एकत्रित कर रहा है। आंकड़े उपलब्ध होने के बाद आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी और उसकी सूचना राज्य निर्वाचन आयोग को दे दी जाएगी। इसके बाद चुनाव की तारीख घोषित करने का अधिकार पूरी तरह राज्य निर्वाचन आयोग का होगा। मंत्री झाबर सिंह ने भरोसा जताया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कराई जाएंगी और अलवर के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। खर्रा ने सरकार की ओर से लगाए जा रहे शिविर का निरीक्षण भी किया।


