हनुमानगढ़ में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त उदयपुर और जिला कलक्टर के निर्देश पर विभाग ने कई गांवों में छापेमारी की। गंगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट, मक्कासर नहर, भादरा, जोगीवाला, भोजासर और ललाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई में 1500 लीटर लाहन जब्त की गई। टीम ने 3 कच्ची भट्टियां भी नष्ट कीं। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी के अनुसार इस मामले में एक साधारण अभियोग दर्ज किया गया है। पिछले चार दिनों में कुल 6 अभियोग दर्ज किए गए हैं। इनमें हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, संगरिया प्रहराधिकारी विनोद सिंह और नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह ने एक-एक अभियोग दर्ज किया। भादरा प्रहराधिकारी विरेन्द्र सिंह ने तीन अभियोग दर्ज किए।
आबकारी विभाग हथकढ़ शराब की कशीदगी और बिक्री रोकने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है। इस कार्रवाई में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, जमादार हुसैन खान और अन्य जाप्ता शामिल थे। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


