धौलपुर में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन गरिमा चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण टीम विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जाकर छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखा रही है। बसेड़ी के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल पूठपुरा में टीम ने छात्राओं को प्रशिक्षण दिया। थानाधिकारी ब्रजेश मीणा ने महिला सुरक्षा कानूनों की जानकारी भी दी। पुलिस ने कालिका यूनिट और मानव तस्करी विरोधी यूनिट के माध्यम से महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का प्रचार किया। जिले में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सार्वजनिक परिवहन पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक सांगवान ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। साथ ही उन्हें आपात स्थिति में पुलिस की मदद लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।


