हाइफा हीरो मेजर दलपत सिंह शेखावत के 107वें बलिदान दिवस:सीकर में 23 सितंबर को होगा श्रद्धांजलि सभा और शहीद वीरांगना सम्मान होगा

सीकर में हाइफा हीरो मेजर दलपत सिंह शेखावत के 107वें बलिदान दिवस के अवसर पर 23 सितंबर को भव्य श्रद्धांजलि सभा, शहीद वीरांगना सम्मान और सामाजिक जन जागृति सम्मेलन का आयोजन होगा। रावणा राजपूत समाज की ओर से यह कार्यक्रम शहर के राणी सती रोड स्थित प्रधानजी का जाव में आयोजित किया जाएगा। शनिवार को गोगामेड़ी स्थित रावणा राजपूत सभा भवन में आयोजित बैठक में इसकी जानकारी दी गई। इस दौरान समाज के लोगों ने कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन भी किया। रावणा राजपूत समाज के लोगों ने बताया- मेजर दलपत सिंह शेखावत ने 1918 में इजराइल के हाइफा शहर को तुर्की और जर्मन सेना के कब्जे से मुक्त कराने में जोधपुर रियासत की सेना का नेतृत्व किया था। उनकी वीरता और नेतृत्व ने हाइफा को आजादी दिलाई, जिसके लिए उन्हें ‘हाइफा हीरो’ के नाम से जाना जाता है। मेजर दलपत सिंह की जीवनी को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल शामिल किया गया है, ताकि युवा और बच्चे उनकी वीरता से प्रेरणा ले सकें। मेजर साहब जैसे नायक किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। सभी समाजों को इस श्रद्धांजलि सभा में भाग लेना चाहिए। आयोजन समिति के एडवोकेट हनुमान सिंह पालवास ने बताया कि 22 सितंबर को बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर जयपुर रोड स्थित शहीद स्मारक पर मोमबत्ती जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। 23 सितंबर को मुख्य समारोह में श्रद्धांजलि सभा के साथ-साथ शहीद वीरांगना सम्मान और सामाजिक जन जागृति सम्मेलन होगा। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए सीकर जिले की सभी विधानसभाओं, शहर के वार्डों और गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। समारोह में स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, सांसद अमराराम, विधायक राजेंद्र पारीक, गोरधन वर्मा, हाकम अली, सुभाष मील, वीरेंद्र चौधरी, सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मोहन सिंह शेखावत, पूर्व सांसद सुभाष महरिया, सुमेधानंद सरस्वती, पूर्व यूआईटी चेयरमैन हरिराम रणवा, निवर्तमान नगर परिषद चेयरमैन जीवण खान, कर्नल जगदेव सिंह चौधरी सहित रावणा राजपूत समाज के कई प्रबुद्धजन और सेना के पदाधिकारी शामिल होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *