प्रतापगढ़ में सेवा पर्व पखवाड़े के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ, भूमि और स्वामित्व पट्टे, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर मिल रही हैं। जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने सुहागपुरा उपखंड के वीरपुर में लगे ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को नामांतरण और रास्ते खोलने संबंधी मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए। शिविर में स्वामित्व योजना, बीपीएल सर्वे, किसान ऐप से गिरदावरी और पशु टीकाकरण की सेवाएं दी जा रही हैं। नगर परिषद प्रतापगढ़ में आयोजित शहरी सेवा शिविर में कलक्टर ने पट्टों के लंबित प्रकरण, फायर एनओसी और जन्म-मृत्यु पंजीकरण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर आवेदन भरने में लोगों की मदद सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्ट्रीट लाइट मरम्मत, सड़क सुधार और नालों की सफाई जैसे शहरी कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।


