श्री हितकारी विद्यालय सहकारी शिक्षा समिति लिमिटेड, कोटा की आमसभा का आयोजन 21 सितंबर को माहेश्वरी भवन में होगा। यह अधिवेशन दोपहर 12:15 बजे शुरू होगा। इस दौरान समिति अपने सदस्यों को 25 प्रतिशत लाभांश और प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा करेगी। साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के 72 वयोवृद्ध सदस्यों का सम्मान भी किया जाएगा। समिति की अध्यक्ष सूरज बिरला ने बताया कि इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि रहेंगे। कार्यक्रम में ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, विधायक संदीप शर्मा और कल्पना देवी, महापौर राजीव अग्रवाल सहित कई गणमान्य हस्तियां शिरकत करेंगी। संस्था के अधिशाषी निदेशक राजेश बिरला ने समिति की उपलब्धियां साझा करते हुए बताया कि यह समिति बीते 79 वर्षों से सहकारिता के क्षेत्र में सक्रिय है और राजस्थान की एकमात्र स्वायत्तशासी संस्था है जो महिला बीएड कॉलेज संचालित करती है। लगातार 29 वर्षों से इसे ‘ए’ श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है। संस्था की कार्यशील पूंजी 182 करोड़ रुपये है, जबकि सदस्यों की अमानतें 125.21 करोड़ रुपये दर्ज की गई हैं। वर्ष 2024-25 में समिति ने 37 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया है और आगामी वर्ष में 10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त ऋण वितरण करने का लक्ष्य रखा गया है। संस्था 5 मिनट में गोल्ड लोन उपलब्ध कराने की विशेष सुविधा देती है, जिस पर 80 पैसे प्रति सेकंड की दर से ब्याज लिया जाता है। वहीं सामान्य जमाओं पर 7.5 प्रतिशत और वरिष्ठ नागरिकों को 8 प्रतिशत तक ब्याज दिया जाता है। आमसभा से पूर्व अधिवेशन पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष सूरज कृष्ण बिरला, नागरिक बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला, मंत्री चंद्र मोहन शर्मा और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। समिति मंत्री शर्मा ने सभी सदस्यों से अधिवेशन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।


