किसानों ने अपनाया जल संरक्षण का नया तरीका:खैरथल में 35 फार्म पोंड तैयार, रबी सीजन में 700 बीघा में हो सकेगी सिंचाई

खैरथल में फसल सिंचाई में नया प्रयोग किया। किसानों ने वर्षाजल इकठ्ठा करने के लिए फार्म पोंड अपनाते हुए मात्र दो महीने में 35 पोंड तैयार कर दिए हैं। इसके अलावा पांच और पोंड बनाए जा रहें हैं। राज्य स्तरीय कृषि अधिकारियों ने गांवों का दौरा कर इन पोंड का निरीक्षण किया और किसानों के इस प्रयास की सराहना की। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) जिला परिषद खैरथल विजय सिंह ने बताया कि मई-जून के दौरान किसानों को गांव-गांव जाकर फार्म पोंड बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद किसानों ने बारिश का पानी संचित करने का तरीका अपनाया, जिससे रबी सीजन में सिंचाई संभव होगी। इस मौके पर जयपुर से आए अतिरिक्त निदेशक कृषि (प्रशासन) डॉ. होशियार सिंह और अतिरिक्त निदेशक कृषि (खंड) ईश्वर लाल यादव ने खैरथल जिले के कुशाल बास, रसगन, रायपुर मेवान और बहरोज गांवों में फार्म पोंड का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से चर्चा करते हुए कहा कि इन पोंडों से करीब 700 बीघा जमीन पर गेहूं, सरसों और अन्य फसलों की सिंचाई संभव होगी। इससे किसानों को दिन में सिंचाई करने में आसानी होगी और लाखों रुपए की बिजली की बचत भी होगी। निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक कृषि विजय सिंह के साथ सहायक निदेशक पवन यादव, सहायक कृषि अधिकारी राजेंद्र कुमार और दिनेश कुमार तक्षक, वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक जसराम और संजू चौधरी भी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *