जोधपुर के करवड़ थाना क्षेत्र के आईआईटी में पढ़ने वाले छात्रा के साथ कुरियर भेजने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने छात्रा और उसकी मित्र का अकाउंट एक वेबसाइट पर लिंक करवाया और दोनों के खाते से 1 लाख 26 हजार 350 रुपए की ठगी कर ली। थाने में दी रिपोर्ट में ग्रीष्मा याता ने बताया कि वह आईआईटी हॉस्टल में रहती है। 13 सितंबर को उसे एक ऑनलाइन यूपीआई धोखाधड़ी की घटना का शिकार होना पड़ा। दरअसल उसने 11 सितंबर को टाटा क्लिक पर एक वेस्ट साइड ब्रांड की चप्पल का आर्डर दिया। 13 सितंबर को उसे एक व्यक्ति का फोन आया जिसे खुद को वेस्टसाइड के कुरियर विभाग से होने का दावा किया। उसने बताया कि उनका भुगतान प्राप्त नहीं हुआ और उनके पार्सल को रोक दिया गया है। ठगों ने 350 का भुगतान करने का निर्देश दिया। स्टूडेंट को झांसे में लेकर खुद को कुरियर कंपनी से बताकर ठगों ने डेबिट फ्रीज और रिफंड कोड डालने का भी कहा। उसे बताया कि प्रोसेस करने के लिए यह जरूरी है। साथ ही बताया कि इस प्रक्रिया के लिए खाते में 30 हजार रुपए होना भी जरूरी है। छात्रा ने बताया कि उस समय वह खुद बीमार थी उसके बुखार और गले में संक्रमण था। उसने उसके निर्देशों का पालन किया। इस दौरान अपनी एक मित्र का खाता भी लिंक करवा दिया। थोड़ी देर बाद उसने देखा कि उसके खाते से धोखाधड़ी कर 48 हजार 800 निकाल दिए गए। जब उसे इसका पता चला तो उसने अपने शेष 72000 अपनी मां के खाते में ट्रांसफर करने का प्रयास किया लेकिन उनकी दैनिक उपयोग सीमा एक लाख रुपये होने के कारण यह ट्रांसफर हो नहीं सका। इसके बाद उनके खाते से एक बार और ट्रांजैक्शन करते हुए ठगों ने 46 हजार की निकासी कर दी। इस तरह से जब तक उसे धोखाधड़ी का पता चला तब तक उसके और उसकी मित्र के खाते से पैसे निकाल लिए गए। ठगो ने उनकी मित्र के खाते से 19 हजार 900 और 9 हजार 999 रुपए निकाल दिए। इस तरह से उसके साथ 96 हजार 451 और उसकी मित्र के खाते से 29 हजार 899 रुपए निकाल दिए गए। इसके बाद छात्रा ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी। छात्रा मूल रूप से तमिलनाडु राज्य की रहने वाली है।


