चपरासी भर्ती परीक्षा- एंट्री नहीं मिलने पर रोने लगी युवती:महिला के गले से मंगलसूत्र उतरवाया, शर्ट के बटन और नाक के नोजपिन काटे

सीकर में राजस्थान ग्रेड फोर्थ (चपरासी) भर्ती की दूसरे दिन की परीक्षा खत्म हो चुकी है। शाम को एग्जाम सेंटरों से निकलते ही अभ्यर्थी बसों के पीछे भागते दिखाई दिए। बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर भीड़ देखने को मिली। शनिवार को दूसरे दिन सुबह 8 बजने से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थी पहुंचना शुरू हो गए थे। एसके स्कूल एग्जाम सेंटर पर एंट्री के लिए अभ्यर्थियों की लंबी लाइन लगी। 9 बजे परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए थे। सीकर में फर्स्ट पारी में 5016 कैंडीडेट्स रजिस्टर्ड थे, जिनमें से परीक्षा में 4209 कैंडिडेट्स उपस्थित रहे और 807 कैंडिडेट्स अनुपस्थित रहे। फर्स्ट पारी में उपस्थिति का प्रतिशत 83.91 और अनुपस्थिति का प्रतिशत 16.9 रहा। सेकेंड पारी में 5016 कैंडिडेट्स रजिस्टर्ड थे। जिनमें से परीक्षा में 4230 कैंडिडेट्स उपस्थित व 786 कैंडीडेट्स अनुपस्थित रहे। सेकंड पारी में उपस्थिति का प्रतिशत 84.33 व अनुपस्थिति का प्रतिशत 15.66 रहा। दोनों पारियों में 8439 कैंडिडेट्स ने एग्जाम दिया, जबकि 1593 कैंडिडेट्स अनुपस्थित रहे। एसके गर्ल्स कॉलेज एग्जाम सेंटर पर 9 बजकर 3 मिनट पर पहुंची दो युवतियों को एंट्री नहीं मिली तो वे रोने लगीं। एसके स्कूल एग्जाम सेंटर में महिला से गले में पहना मंगलसूत्र व पैरों में पहनी पायल उतरवाई गई। कई महिलाएं नाक, कान गले में ज्वेलरी पहनकर परीक्षा देने आ गई, जिसके बाद ज्वेलरी उतरवाई गई। युवतियों के शर्ट, कुर्ते पर लगे बटन कटवाए गए। हाथ में पहले ब्रेसलेट, धागे कैंची से काटे गए। वहीं, कई महिला अभ्यर्थी फुल बाजू की शर्ट पहनकर आईं, जिनकी शर्ट की बाजू कटवाई गई। एसके स्कूल एग्जाम सेंटर पर दांतारामगढ़ से एग्जाम देने आई एक महिला अभ्यर्थी को व्हीलचेयर नहीं मिली। जिसके बाद उसे महिला कर्मचारी पैदल ही चलाकर सेंटर में लेकर गईं। महिला को चलने में काफी परेशानी हुई, क्योकिं उसके पैरों की नसें ब्लॉक थी। आज जिले के 18 सेंटर पर 2 परियों में परीक्षा हुई। 19 से 21 सितंबर तक तीन दिन होने वाली परीक्षा के लिए 30096 कैंडिडेट्स रजिस्टर्ड हैं। पहली पारी का एग्जाम सुबह 10 से 12 और दूसरी पारी दोपहर 3 से 5 बजे तक होगी। हर पारी में 5016 कैंडिडेट्स शामिल होंगे। नकल और डमी कैंडिडेट्स पर कंट्रोल के लिए परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे, वीडियोग्राफी और उड़नदस्तों की कड़ी निगरानी रहेगी। आज परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश एक घंटे पहले ही बंद कर दिया गया। आधार कार्ड व प्रवेश पत्र में मिलान के बाद एग्जाम सेंटर में एंट्री दी गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *