भास्कर न्यूज | लुधियाना नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने जोन-सी के क्षेत्रों में शनिवार को औचक निरीक्षण किया और शिमलापुरी, जस्पाल बंगर और कंगनवाल की पांच अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को एक कॉलोनाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, और इन अवैध कॉलोनियों में बनी इमारतों को सील करने व निर्माणाधीन ढांचों को गिराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, जिन असिस्टेंट टाउन प्लानर्स और बिल्डिंग इंस्पेक्टर्स की लापरवाही से ये निर्माण हुए हैं। इनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान एमसी के अतिरिक्त कमिश्नर परमदीप सिंह, जोनल कमिश्नर गुरपाल सिंह और एटीपी नवनीत खोखर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डेचलवाल ने शिमलापुरी स्थित पैलेस के पास अवैध कॉलोनी बनाने वाले कॉलोनाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उसकी संपत्ति अटैच करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा। वहां बनी खाली इमारतों को सील करने और निर्माणाधीन ढांचों को गिराने के आदेश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही, मोर्गन क्रॉसिंग के पास स्थित गणपति कॉलोनी और कृष्णा कॉलोनी पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को राजस्व विभाग व तहसीलदार को पत्र लिखकर इन कॉलोनियों में रजिस्ट्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कंगनवाल क्षेत्र की दो और कॉलोनियों पर भी सख्ती बरतते हुए, कॉलोनी के गेट को सील करने के निर्देश दिए गए हैं। एमसी कमिश्नर ने कहा कि अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा, और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


