अलर्ट ऐप से सही समय पर डीजी कंट्रोल रूम को जिलों में हुई घटनाओं की सूचना मिलेगी। झारखंड पुलिस ने विश्वास व्यक्त किया है कि इस डिजिटल ऐप से विधि-व्यवस्था की समस्याओं पर शीघ्र काबू पाई जा सकेगी। आपराधिक घटनाओं पर ससमय कार्रवाई की जा सकेगी। पुलिस मुख्यालय में सोमवार को आईजी अभियान अमोल वेणुकांत होमकर और डीआईजी इंद्रजीत महथा ने टेक्निकल टीम के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विकसित अलर्ट ऐप के प्रशिक्षण और क्रियान्वयन के लिए बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी डीएसपी और जिला नियंत्रण कक्ष में पदस्थापित पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में ऐप के उद्देश्य और प्रयोग के संबंध में जानकारी दी गई।


