अमनदीप सिंह | अमृतसर पूर्वी हलके के वार्ड-30 के लोग मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। इलाके में सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। सीवरेज जाम होने के कारण घरों में सीवर मिक्स गंदा पीनी आ रहा है। साथ ही कई इलाकों में लटकते बिजली के तार हादसों को न्योता दे रहे हैं। वार्ड में स्थित पार्कों की हालत भी दयनीय है। उत्तम नगर, सौ फुट्टी रोड, ईस्ट मोहन नगर, अजीत नगर, राम नगर और चमरंग रोड आदि इलाकों में पार्कों की साफ-सफाई नहीं हो रही। पार्कों में जंगली घास उग चुकी है, फिटनेस के लिए लगाई गई मशीनें खराब पड़ी हैं और चारों ओर कूड़े के ढेर लगे है। आवारा कुत्तों की भरमार से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग पार्कों में जाने से डरते हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतें देने के बावजूद नगर निगम और संबंधित अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नतीजा यह है कि लोगों को खुद ही सफाई और सुरक्षा का इंतजाम करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इन समस्याओं का स्थायी समाधान करने और पार्कों को फिर से बेहतर बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक इन मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई नहीं होती, उनकी मुश्किलें बढ़ती ही रहेंगी। मनप्रीत सिंह मन्नू निवासी सौ फुट्टी रोड ने बताया कि लटकती बिजली की तारे हादसों को न्यौता दे रही हैं। न सड़कें साफ हैं, न सीवरेज का समाधान है। बारिश हो जाए तो हालात और खराब हो जाते हैं। कूड़े का ढेर हर गली में देखने को मिलता है। जनता अब तंग आ चुकी है। वार्ड-30 के पार्षद अवतार सिंह ट्रकांवाला ने कहा कि सरकार काम करके राजी नहीं है। पार्कों का बुरा हाल है, लेकिन बैठक ही नहीं की जा रही। पार्कों के लिए फंड नहीं मिल रही है। यही नहीं बड़े सीवरेज सिर्फ अकाली सरकार के समय साफ किए गए थे, जिसमें जाकर छोटे सीवरेज का पानी गिरना है उसे 13 साल से साफ नहीं किया गया। आदर्श शर्मा निवासी अजीत नगर ने बताया कि हमारे एरिया में सीवरेज का पानी घरों में घुस रहा है। पार्कों में गंदगी फैली है और कहीं कोई सफाई नहीं होती। बच्चे तक बाहर खेलने नहीं जा पाते। इस सबंधी कई बार शिकायत की, मगर अधिकारी सिर्फ आश्वासन देते हैं। वार्ड से चुनाव लड़ चुके पूर्व पार्षद शैलिंदर सिंह शैली ने कहा कि वार्ड की हालत पहले से काफी खराब हो गई है। लोग शिकायतें किसके पास लेकर जाए, लोगों को मौजूदा पार्षद के दफ्तर का भी पता नहीं है, लोग उनके पास समस्याएं लेकर पहुंचते है। पीने के गंदे पानी और सीवरेज जाम की समस्या से इलाकावासी परेशान हैं। सोमनाथ निवासी उत्तम नगर ने बताया कि पार्कों की हालत बेहद खराब है। घास इतनी उग आई है कि सांप निकलने का डर रहता है। कुत्ते हर जगह घूमते हैं और मशीनें खराब हो चुकी हैं। बच्चों और महिलाओं का पार्क में जाना मुश्किल हो गया है।


