भास्कर न्यूज | जांजगीर रेत खनन को लेकर सामने आए विवादित ऑडियो ने जिले की राजनीति में हलचल मचा दी है। वायरल ऑडियो में कांग्रेस विधायक की कथित बातचीत के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला भ्रष्टाचार की जड़ तक जाने का संकेत है और भाजपा सरकार इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर सजा दिलाएगी। उन्होंने कहा कि विधायक शेषराज हरवंश ने अब तक उस गंभीर मुद्दे पर कोई एफआईआर दर्ज नहीं करवाई है। कल उन्होंने कहा कि वे तीन घंटे से थाने में बैठी हैं, लेकिन थाना प्रभारी ने बताया कि वह केवल गाली-गलौज के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने आई थीं। जब इतनी गंभीर बात कह रही हैं तो अब तक एफआईआर क्यों नहीं हुई?” अंबेश जांगड़े ने कहा, विधायक हरबंश द्वारा जो आरोप लगाए गए हैं, अगर उनमें कोई सच्चाई है तो तथ्यों के साथ सामने लाएं। भाजपा सरकार भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। हमने पहले भी कड़े फैसले लिए हैं और इस बार भी दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा।” उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक स्टंट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि “विपक्ष केवल मुद्दों को भटकाने और सहानुभूति बटोरने का काम कर रहा है।”जांगड़े ने यह भी कहा कि सरकार की ओर से जांच एजेंसियां सक्रिय हैं और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। जिस किसी का भी इस मामले में नाम सामने आता है, चाहे वह कोई भी हो, कार्रवाई निश्चित होगी। भाजपा नेता संतोष लहरे ने कहा, मुझे मीडिया से जानकारी मिली कि कांग्रेस विधायक ने मेरा भी नाम लिया है, जो कि पूरी तरह से झूठ और मनगढ़ंत है। मैंने जिनका नाम लिया जा रहा है जैसे संजू रत्नाकर, रोशन या राजेश, उनसे जीवन में कभी बात तक नहीं की है।


