स्वरचित कविता: मानवी और नीरज विजेता, पुरस्कार मिला

भास्कर न्यूज | पेण्ड्रा हिंदी पखवाड़ा और पितृपक्ष के अवसर पर भारत के गौरवशाली कवियों की स्मृति को समर्पित करते हुए डाइट पेण्ड्रा और आनंद फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय काव्यपाठ प्रतियोगिता तर्पण का आयोजन किया गया। इस अनूठे आयोजन में कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए कवियों की रचनाओं का पाठ और स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शिक्षकों के लिए भी पहली बार स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता रखी गई। जिले भर से चयनित 35 प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से सभी को आनंदित और चिंतन के लिए प्रेरित किया। काव्य पाठ में ओंकार कैवर्त्य (सेजेस हिंदी माध्यम पेण्ड्रा), स्वरचित कविता में मानवी मिश्रा और शिक्षकस्वरचित कविता में नीरज चौधरी (डीएवी मरवाही) ने पहला स्थान हासिल किया। द्वितीय और तृतीय स्थान पर विद्यार्थी वर्ग में क्रमशः आस्था सोंधिया, अनन्या श्रीवास्तव, और शिक्षक वर्ग में दुर्गेश दुबे, शशांक शेण्डे रहे। सभी प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि डाइट प्राचार्य जेपी पुष्प ने कविता को मानवीय संवेदना का आधार बताते हुए इसे समाज का दर्पण कहा। समापन सत्र में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने पेण्ड्रा की धरा को साहित्य और विशिष्ट लोगों से संपन्न बताया और अटल जी की पंक्तियां सुनाकर सभागार में ऊर्जा भरी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह ने कविता को जन जन को जगाने वाला बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर संचालित करने के लिए आयोजक मण्डल को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम संयोजक आशुतोष आनंद दुबे ने बताया कि तर्पण आयोजन विगत दो वर्षों से परंपरा के रूप में किया जा रहा है और यह आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम का संचालन आशुतोष दुबे और व्याख्याता सुनीता लकड़ा ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *