राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में बिलासपुर जोन बना ओवरऑल चैम्पियन

भास्कर न्यूज | मुंगेली 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025 का समापन समारोह बड़ी धूमधाम से संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में शतरंज और नेटबॉल खेल आयोजित किए गए, जिनमें पूरे छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के लिए मुकाबले हुए, जिनमें 14, 17 और 19 वर्ष के बालक-बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ओवरऑल चैम्पियनशीप का खिताब बिलासपुर जोन के नाम रहा। इसके अलावा मार्च पास्ट में बस्तर जोन को प्रथम स्थान मिला, जबकि अनुशासन में सरगुजा जोन ने बाज़ी मारी। समापन समारोह में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, उपाध्यक्ष पद्मिनी मोहले, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने विजयी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां भी दी गईं। जिला शिक्षा अधिकारी सी.के. घृतलहरे ने बताया कि शतरंज खेल में 14 वर्ष आयु वर्ग बालकों में रायपुर प्रथम स्थान पर रहा, दुर्ग दूसरे और बिलासपुर तीसरे स्थान पर रहे। बालिकाओं में बिलासपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 17 वर्ष आयु वर्ग में बिलासपुर के बालकों और बालिकाओं ने प्रथम स्थान हासिल किया। 19 वर्ष आयु वर्ग में रायपुर के बालकों और बालिकाओं ने प्रथम स्थान पाया। नेटबॉल में 14 वर्ष आयु वर्ग के दोनों वर्गों में बिलासपुर ने शीर्ष स्थान हासिल किया। मंच संचालन अशोक सोनी ने किया। बड़ी संख्या में खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि एवं दर्शक कार्यक्रम में मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *