भास्कर न्यूज | होशियारपुर जंगल से रास्ता भटक एक सांभर सोमवार दोपहर बाद फतेहगढ़ चुंगी चौक के समीप एक झाड़ी में छिप गया। सांभर को देख जब कुत्ते भौंकने लगे तो लोग इकट्ठा हो गए। जब सांभर झाड़ी से निकला तो उसे देख लोगों ने शोर मचाना शुरु कर दिया और किसी ने जंगलात विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही जंगलात विभाग की टीम जाल लेकर मौके पर पहुंची और सांभर को जाल में फंसाने की कोशिश करने लगे। इससे डरकर सांभर बहुत तेजी से झाड़ी से निकल लक्ष्मी एंकलेव होते हुए रेलवे स्टेशन के रास्ते भागकर माउंट एवेन्यू कॉलोनी में जा घुसा। वन विभाग की टीम के साथ मोहल्ले के लोगों को पीछा करते देख सांभर विजय नगर होते हुए सुंदर नगर के बाद न्यू फतेहगढ़ पहुंचा। तब जाकर करीब तीन घंटे बाद वन विभाग की टीम ने सांभर को काबू किया। सायं मिली जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम ने इसे पकड़कर वापस जंगल में भेजने की तैयारी कर रही है। लोगों से मिली जानकारी के अनुसार भयभीत सांभर ने कई वाहनों को टक्कर मारी। लोगों की भीड़ जुटती देख वह घबरा गया। इसके बाद सांभर इधर-उधर भागने लगा। सांभर ने प्लाट में खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया।


