आज रात शराब पीकर हुड़दंग किया तो थाने में मिलेगा ‘स्पेशल ट्रीटमेंट’

भास्कर न्यूज | बठिंडा पंजाब पुलिस ने 31 दिसंबर की रात नए साल का जश्न शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए सख्त कदम उठाने का ऐलान किया है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले या कानून तोड़ने की कोशिश करने वालों के लिए कोई रियायत नहीं होगी। ऐसे लोगों को पुलिस थाने में फ्री एंट्री के साथ ‘स्पेशल ट्रीटमेंट’ दिया जाएगा। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई आपके नए साल की रात खराब करने की कोशिश करे तो आप 112 डायल करके हमें (पुलिस) आमंत्रित कर सकते हैं। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। पुलिस के कुछ जवान सादी वर्दी में भी तैनात रहेंगे ता​कि शराब आदी नशा करके हुल्लड़बाजी करने वालों पर नजर रखी जा सके। 31 दिसंबर की रात को विशेष अभियान चलाया जाएगा। हर प्रमुख सड़क, बाजार, और पार्टी स्थल पर पुलिस की तैनाती रहेगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर खास नजर रखी जाएगी। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों को रोकने के लिए पुलिस जगह-जगह अल्कोहल टेस्ट करेगी। कई स्थानों पर नाके लगाए जाएंगे और संदिग्ध वाहनों को रोका जाएगा। यदि चालक नशे की हालत में पाया गया, तो वाहन जब्त कर लिया जाएगा। पंजाब पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे नए साल का जश्न जिम्मेदारी से मनाएं। कानून का पालन करें और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस साल का जश्न आपके और आपके परिवार के लिए खास बन सकता है, अगर आप जिम्मेदारी से मनाएं। हुड़दंग और गैरजिम्मेदार व्यवहार से न केवल आपकी बल्कि दूसरों की भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी ^लोग नए साल का जश्न सुरक्षित तरीके से मना सके इसके लिए बठिंडा पुलिस को जगह-जगह तैनात किया जाएगा ताकि कोई शराब आदी नशा करके हुल्लड़बाजी न कर सके। इसके अलावा असामाजिक तत्वों पर भी पुलिस नजर रखेगी। अमनीत कौंडल, एसएसपी, बठिंडा

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *