भास्कर न्यूज | अमृतसर युवाओं को सनातन की परंपरा से जोड़ने के लिए मंदिर कमेटियां और सभा सोसायटियां 31 दिसंबर की रात को हरिनाम संकीर्तन करवाएंगी। शहर की कई मंदिर कमेटियों की तरफ से रात 8 से लेकर 12 बजे तक मंदिरों में संकीर्तन करेंगी। शंकर धाम मंदिर आकाश एवेन्यू के पंडित मुरारी लाल और प्रधान शमशेर सिंह की अध्यक्षता में बैठक की गई। 31 दिसंबर को सड़कों पर मौज मस्ती करने की बजाय मंदिर में जाकर प्रभु नाम के संकीर्तन का आनंद उठाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें। इसके लिए कमेटी सचिव सुमन अग्रवाल, दिलीप सेठ, वरिंदर सोनी, विजय दत्ता, राकेश कपूर ने कहा कि सनातन धर्म में नया साल चैत्र नवरात्र में नव विक्रमी संवत पर मनाया जाता है। इसलिए 31 दिसंबर को रात 8 से 12 बजे तक मंदिर में हरिनाम संकीर्तन किया जाएगा। जिसमें राधा रानी और भगवान श्री कृष्ण जी के भजन गाकर भक्तों को मंत्र मुग्ध किया जाएगा। इसी तरह लक्ष्मणसर चौक मौनी स्थित श्रीश्री गौर राधा कृष्ण इस्कॉन मंदिर में 31 दिसंबर शाम 7 से रात 12 बजे तक दिल्ली से पधारे श्री निकेत प्रभु द्वारा हरिनाम संकीर्तन और महामंत्र का जाप करेंगे। इसी तरह उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थ दुर्ग्याणा में वैष्णवजनों की ओर से हरिनाम संकीर्तन किया जाएगा। वहीं बड़ा श्री हनुमान मंदिर में भी श्री हनुमान चालीसा के पाठ किए जाएंगे।


