फतेहगढ़ साहिब | जीटी रोड पर सरहिंद थाना के पास निहंगों के जत्थे ने पंजाब रोडवेज लुधियाना डिपो की बस में तोड़फोड़ की, जिससे बस चालक जख्मी हो गया। बस चालक अवतार सिंह ने बताया कि वह अम्बाला से लुधियाना जा रहा था। जैसे वह जीटी रोड की सर्विस लेन से सरहिंद थाना के पास पहुंचा तो शहीदी सभा से घोड़ों समेत निहंगों का काफिला वापस लौट रहा था। सामने से एक टैंपो आने से निहंगों का एक घोड़ा टैंपो देखकर बेकाबू हो गया और बस से छू गया। इसी बात पर निहंग गुस्से में आए और तलवारों व दूसरे हथियारों से बस के शीशे तोड़ दिए। जब बात करनी चाही तो उन्होंने तलवार से हमला कर चालक को जख्मी कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।


