छत्तीसगढ़ कांग्रेस में 30 सितंबर के बाद संगठन में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की नियुक्ति के बाद यह पहला मौका है जब संगठन में इतनी व्यापक स्तर पर बदलाव किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी 12 जिलाध्यक्षों को बदलने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही प्रदेश में मंडल और ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति भी जल्द की जाएगी। जानकारों के अनुसार, यह फेरबदल संगठन को मजबूत बनाने और नए नेतृत्व को अवसर देने के मकसद से किया जा रहा है। जिन जिलों में पिछले कुछ समय से विवाद और असहमति की स्थिति बनी हुई थी, वहां संगठन ने पर्यवेक्षकों को भेजकर रिपोर्ट तैयार करवाई थी। इन रिपोर्टों के आधार पर नए जिलाध्यक्षों की सूची बनाई गई है। बताया जा रहा है कि दिल्ली हाईकमान की अनुमति मिलने के बाद यह सूची सार्वजनिक कर दी जाएगी। ब्लॉक-मंडल अध्यक्ष की नियुक्तियां होगी जल्द प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने बताया कि संगठन विस्तार के तहत ब्लॉक अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति भी की जाएगी। इन नियुक्तियों की सूची जल्द जारी की जाएगी। विशेषज्ञों का कहना है कि नए ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों के चयन से पार्टी के संगठनात्मक कामकाज में तेजी आएगी और जनसंपर्क मजबूत होगा। नए चेहरों को मिलेगा मौका कांग्रेस सूत्रों के अनुसार इस बड़े फेरबदल से पार्टी को नए चेहरे और सक्रिय नेतृत्व मिलेगा, जो आगामी चुनावी तैयारियों में मददगार साबित होगा। कांग्रेस नेताओं की इस रणनीति का उद्देश्य न केवल संगठन को सुदृढ़ करना है, बल्कि पार्टी में पुराने विवादों और असहमति को समाप्त कर नए नेताओं को अवसर देना भी है।


