कोरबा में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग ने नशामुक्ति मैराथन का आयोजन किया। महापौर संजू देवी राजपूत की उपस्थिति में घंटाघर निहारिका से निर्मला स्कूल कोसाबाडी तक मैराथन निकाली गई। मैराथन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, आम नागरिक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। महापौर राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ शासन के विभिन्न विभाग सेवा पखवाड़े के तहत कार्यक्रम कर रहे हैं। महापौर ने युवाओं को शिक्षा पर ध्यान देने और नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नशा परिवार में कलह का मुख्य कारण है। मैराथन शुरू होने से पहले महापौर ने सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में उप संचालक समाज कल्याण हरीश सक्सेना, जिला शिक्षा अधिकारी टी पी उपाध्याय, खेल अधिकारी राम कृपाल साहू, परिवीक्षा अधिकारी मुकेश दिवाकर समेत नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पखवाड़े के तहत नशामुक्ति के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।


