प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में पार्किंग स्टैंड पर अवैध वसूली के खिलाफ भारत आदिवासी पार्टी ने रविवार को मौन प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर अस्पताल परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में पहले से साइकिल के लिए 2 रुपए, मोटरसाइकिल के लिए 5 रुपए और कार के लिए 10 रुपए दरें निर्धारित थे। लेकिन अब बिना पर्ची काटे 10 से 30 रुपए तक की वसूली की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों से मनमाने तरीके से पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने पार्किंग शुल्क को पूरी तरह से बंद करने की मांग की है। उनका कहना है कि गरीब मरीजों से न सिर्फ अवैध वसूली की जाती है, बल्कि पैसे न देने पर पार्किंग कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार भी किया जाता है। प्रदर्शन के दौरान पार्किंग स्टैंड के कर्मचारी, निजी एंबुलेंस और सोनोग्राफी सेंटर के एजेंट मौके से गायब मिले। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रशासन से इस अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।


