जयपुर के भामाशाह टेक्नो हब में आज साइबर थ्रेट कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इस दौरान जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जार्ज जोसफ ने कहा- समाज में अपराध का स्वरूप बदल रहा है। साइबर अपराधों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। विदेशी अपराधी साइबर तकनीक का दुरुपयोग कर रहे हैं। इससे निपटने के लिए देश की युवा पीढ़ी को साइबर इंटेलिजेंट बनना होगा। पुलिस आयुक्त ने साइबर अपराध मुक्त जयपुर बनाने का आह्वान किया। थ्रेट एक्सपर्ट साइबर सॉल्यूशन के विशेषज्ञ निरंजन दाधीच ने वर्तमान साइबर चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने AI तकनीक और भारत की साइबर सुरक्षा को आत्मनिर्भर बनाने के उपायों पर प्रकाश डाला। भीष्म लावलीहुड डेवलपमेंट काउंसिल की पूर्व महाप्रबंधक शिल्पी पुरोहित ने युवा साइबर विशेषज्ञों के लिए सरकारी स्टार्टअप योजनाओं की जानकारी दी। हैनीमैन चैरिटेबल मिशन सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अतुल गुप्ता ने इस तरह के कार्यक्रमों के विस्तार का सुझाव दिया। समिति की सचिव मोनिका ने ग्रामीण महिलाओं को साइबर धोखाधड़ी से बचाने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।


