झालावाड़ के पिड़ावा में पुलिस ने एग्जॉस्ट फैन तोड़कर दुकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया है। मध्य प्रदेश के जीरापुर निवासी लोकेश विश्वकर्मा (21) ने दो दुकानों से करीब 54 हजार रुपए चुराए थे। एसपी अमित कुमार के अनुसार, शहर मोहल्ला निवासी कुशाल सिंह जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 19 सितंबर की रात को चोर ने सोयत रोड स्थित उनकी दुकान का एग्जॉस्ट फैन तोड़कर अंदर प्रवेश किया। दुकान से 40-45 हजार रुपए चोरी किए। इसके बाद पड़ोसी की दुकान से 9,500 रुपए भी चुरा लिए। थानाधिकारी सुरेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 20 सितंबर को आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से 5,900 रुपए बरामद किए गए। पुलिस टीम में हेड कॉन्स्टेबल प्रकाशचंद, हरदयाल और राहुल सामरिया शामिल थे।


