दुबई में एशिया कप का बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच आज रात 8 बजे से खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों में इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह है। मैच को लेकर कहीं विरोध जताया जा रहा है तो कहीं भारत की जीत के लिए पूजा-अर्चना की जा रही है। इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत पूरे मध्यप्रदेश में कई जगह स्पोर्ट्स क्लब और कैफे में लोग लाइव मैच देखेंगे। शहडोल में मैच को लेकर विरोध जताते हुए एक युवक ने मुंडन करा दिया। वहीं उज्जैन के बगलामुखी मंदिर भारत की जीत के लिए मिर्ची हवन किया गया है। शहडोल में एक मुस्लिम युवक आबिद ने ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए भारतीय सैनिकों के सम्मान में अपना मुंडन करवाया। इसी तरह उज्जैन के भैरवगढ़ रोड स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में मिर्ची यज्ञ द्वारा विशेष अनुष्ठान किया गया। पिछले भारत-पाकिस्तान मैच में जहां कुछ शहरों में जश्न और कुछ जगहों पर सन्नाटा नजर आया था। इस बार भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया है। उज्जैन में महाकाल मंदिर पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही, जहां कई क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष पूजन-अर्चना की। पिछली बार पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुए मैच को लेकर विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। इस बार भी एहतियातन सभी शहरों में पुलिस की पैनी नजर रहेगी। प्रशासन ने भीड़भाड़ वाले बाजारों, चौराहों और कैफे में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। रात्रि को मैच खत्म होने के बाद शहरों का माहौल कैसा रहता है, इस पर सबकी नजर रहेगी। पिछली बार की तरह कहीं आतिशबाजी और नारेबाजी होगी या फिर सन्नाटा पसरेगा, ये मुकाबला खत्म होने के बाद ही साफ होगा।


