जालोर में एक ड्राइवर की उसके अपने ही ट्रैक्टर के नीचे आने से दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है- युवक को ट्रैक्टर से कुचलकर मारा गया है। पुलिस ने मामले में फिलहाल 3 युवकों को डिटेन किया है। मामला बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के मांडवला का है, जहां आज दोपहर करीब एक बजे सांवलाराम(30) पुत्र हिराराम चौधरी का शव सड़क पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। पुलिस बोली- युवक की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हुई
बिशनगढ़ थाने के एएसआई भैराराम ने बताया- रविवार की दोपहर सांवलाराम(30) एक बेरे से पानी का टैंकर भर कर आ रहा था। मांडवला श्री शिलेशवर गोशाला के पास वह अपने ट्रैक्टर से गिर गया और टायर के नीचे दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर आगे जाकर बाड़ में जाकर फंसने से रूक गया। कुछ देर बाद लोगों ने सांवलाराम को रास्ते पर पड़ा मिला तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मांडवला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और जांच शुरू कर दी है। भाई बोला- उसकी हत्या की, कुचलकर मार डाला
चाचा वजाराम चौधरी ने बताया- किसी ने उसे ट्रैक्टर व अन्य वाहन से कुचल कर हत्या की हैं। परिजनों के पहुंचने से पहले ही पुलिस ने शव को मौके से उठा लिया था। इसको लेकर नाराजगी है। जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, शव का पोस्टमॉर्टम नहीं करने देंगे। भाई सुजाराम चौधरी ने बताया- उसका भाई सांवलाराम टैंकर में पानी भर कर आ रहा था। इस दौरान दो से तीन आदमी उसके साथ ट्रैक्टर पर बैठे थे। उन्हीं लोगों ने चलते हुए ट्रैक्टर पर सांवलाराम से लड़ाई की और फिर सूनसान जगह पर गिराकर ट्रैक्टर के टायर से कुचल दिया। भाई का कहना है- पुलिस ने परिजनों के मना करने के बाद भी मौके से शव को जबरदस्ती उठा कर अस्पताल की मॉर्च्युरी में शव को रख दिया हैं। अब आरोपियों के गिरफ्तारी बाद ही शव का पोस्टमॉर्टम किया जायेगा। मौके पर पहुंचे जालोर डीएसपी गौतम जैन ने शक के आधार पर 3 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।


