अजमेर से कोटा पहुंची रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। बस केशवरायपाटन चौराहे से कुछ दूर पहुंची तभी बस के गियर बॉक्स से धुआं निकलने लगा। ड्राइवर ने हिम्मत दिखाते हुए सबसे पहले बस को रोका फिर आराम से एक-एक करके सभी 50 यात्रियों को नीचे उतार दिया। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने फायर सिलेंडर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना रविवार सुबह 11.30 बजे कोटा-बूंदी रोड स्थित मां टाउनशिप के पास घटी। सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने फायर सिलेंडर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग और विकराल हो गई। सूचना मिलने पर नगर निगम अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कोटा डिपो के अधिकारी मनीष सुमन ने बताया कि बस अजमेर डिपो की थी और अजमेर से कोटा आ रही थी। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। गियर बॉक्स में शॉर्ट सर्किट होने से धुआं उठने लगा। हल्की आग देखकर ड्राइवर ने तुरंत बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया। मौके पर सभी अधिकारी पहुंच गए थे। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से ही आग लगने का कारण सामने आया है। अब देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS…


