भास्कर न्यूज | गिरिडीह जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह की ओर से शनिवार को मंडल कारा, गिरिडीह में जेल अदालत सह विधिक जागरूकता व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन झालसा, रांची और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर आयोजित किया गया। लीगल एड डिफेंस काउंसिल के प्रमुख अधिवक्ता नजमुल हसन ने बताया कि काराधीन बंदियों को विधिक सहायता देने के लिए हर माह जेल अदालत का आयोजन किया जाता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से जेल में पारा लीगल वॉलंटियर्स की नियुक्ति की गई है, जो बंदियों की समस्याओं को कारा प्रशासन के माध्यम से प्राधिकार तक पहुंचाते हैं। उन्होंने बताया कि जो बंदी स्वयं अधिवक्ता नहीं रख सकते, उन्हें निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाते हैं। साथ ही जेल पीएलवी को निर्देश दिया गया कि कोई भी बंदी अपने अधिकारों से वंचित न रहे। जरूरतमंद बंदियों के आवेदन प्राधिकार को भेजने का निर्देश दिया गया है। कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सदस्य, पीएलवी सदस्य, जेल प्रशासन के पदाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। स्वास्थ्य शिविर में बंदियों की जांच कर मुफ्त दवाएं वितरित की गईं।


