गिरिडीह |महिला चौपाल टीम ने रविवार को गरबा और डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन किया। इस आयोजन में पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं ने लोक संगीत की धुन पर डांडिया और गरबा की आकर्षक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की सबसे खास झलक तब देखने को मिली जब दो कन्याओं ने मां काली और मां दुर्गा का रूप धारण कर मंच पर प्रवेश किया। देवी रूप में सजी इन कन्याओं ने गरबा-डांडिया में भाग लेकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित दर्शकों ने तालियों और जयकारों से उनका उत्साहवर्धन किया। शालिनी बैसखियार ने बताया कि इस तरह के आयोजन भारतीय संस्कृति को जीवित रखने के साथ-साथ समाज में भाईचारा और आनंद का माहौल बनाते हैं। इस मौके पर टीम की प्रीति, रूबी, मोनिका, मीना, सपना, सोनिया, स्वर्णा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। इस सांस्कृतिक संध्या ने नारी शक्ति, परंपरा और उमंग का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।


