भास्कर न्यूज | गिरिडीह मुफ्फसिल थाना परिसर में रविवार को शारदीय दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक की गई। अध्यक्षता थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव उपस्थित थे। बैठक में थाना क्षेत्र की 25 दुर्गापूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव, व दोनों समुदायों के गणमान्य लोग शामिल हुए। अधिकांश पूजा समिति पदाधिकारियों ने अष्टमी, नवमी और विजयादशमी के दिन पंडालों पर पुलिस बल तैनात करने की मांग रखी। एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने कहा कि हाई कोर्ट के निर्देशानुसार पूजा में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पंडालों में भक्ति गीत और भजन के लिए 60 डेसिबल तक के साउंड पर लाउडस्पीकर का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन आपत्तिजनक या उन्माद फैलाने वाले गीत न बजाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई इस तरह का मैसेज देखता है, तो उसकी सूचना तुरंत थाना को दें। पुलिस सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रख रही है। पूरे थाना क्षेत्र के पंडालों की निगरानी ड्रोन कैमरे से भी की जाएगी और सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इस अवसर पर मुन्ना लाल, कमल चंद साहू, गुलाम मोहम्मद, रामेश्वर शर्मा, मनोज यादव, अंजना मिश्रा, सुरेंद्र सिंह, राहुल कुमार यादव, रंजीत कुमार राय, श्याम लाल सोरेन, निर्भय सिंह, बलराम यादव, अशोक राम, विजय सिंह, तेजलाल मंडल, उमेश दास, भरत भूषण सहित कई पूजा समिति सदस्य उपस्थित थे। थाना से एसआई संजय सिंह, एएसआई चंदन तिवारी, एसआई अमित कुमार सहित सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।


