भास्कर न्यूज|लोहरदगा/किस्को झारखंड आंदोलन के जननायक और झामुमो सुप्रीमो दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना को लेकर लोहरदगा में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। लोहरदगा समाहरणालय परिसर के समीप 11 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित होगी। इसके अलावा जोरी पंचायत भवन और किस्को ब्लॉक मोड़ पर भी प्रतिमाएं लगाई जाएंगी। इन प्रतिमाओं का निर्माण जिले के जोरी गांव निवासी प्रसिद्ध मूर्तिकार दिलीप कुमार टोप्पो ने किया है। विशेष बात यह है कि यह प्रतिमाएं किसी सरकारी बजट से नहीं, बल्कि दिलीप टोप्पो ने अपनी निजी राशि से तैयार की हैं। उनका मानना है कि दिशोम गुरु की प्रतिमा झारखंड की अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक होगी और आने वाली पीढ़ियों को आंदोलन और अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करेगी। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना का यह प्रयास सिर्फ श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि प्रेम, संघर्ष और रचनात्मकता से उपजी एक ऐतिहासिक कलाकृति है, जिस पर लोहरदगा ही नहीं, पूरा झारखंड गर्व करेगा। प्रतिमा स्थापित करने को लेकर झामुमो नेता व कार्यकर्ता भी सक्रिय है। वहीं दिलीप कुमार टोप्पो और उनकी पत्नी सुमन टोप्पो की कहानी कला और प्रेम की अद्भुत मिशाल है। दोनों की मुलाकात बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में हुई। जहां दिलीप मूर्तिकला और सुमन चित्रकला की पढ़ाई कर रहे थे। शिक्षा के दौरान ही कला के प्रति साझा जुनून ने उन्हें करीब लाया और यही रिश्ता विवाह तक पहुंचा। दिलीप की मूर्तियों और सुमन की चित्रकृतियों में न केवल हुनर, बल्कि आपसी प्रेम और सम्मान की छाप दिखाई देती है। उनकी बेटी अनूकृति टोप्पो अहमदाबाद के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन से पढ़ाई कर चीनी मिट्टी की कलाकृतियां बना रही हैं। वहीं बेटा सौंदर्य टोप्पो बैंगलोर में थ्रीडी डिजाइनर के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। इस तरह यह पूरा परिवार कला की दुनिया में जीवित विरासत के रूप में खड़ा है। दिलीप कुमार टोप्पो अब तक दर्जनों स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं तैयार कर चुके हैं। उनको कई बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल चुका है। जिसमें उन्हें झारखंड कला एवं सांस्कृतिक सम्मान 2005 में मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया है और 2007 से 2013 तक राष्ट्रीय ललित कला नई दिल्ली में सामान्य परिषद के सदस्य के रूप में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके है। लोहरदगा|जिले कुडू प्रखंड स्थित कुडू पड़हा भवन में रविवार को पड़हा की बैठक मंगरा भगत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें मुख्य रूप से जिला राजी पड़हा के वेल लक्ष्मी नारायण भगत व बुद्धेश्वर भगत उपस्थित रहे। वहीं विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिला राजी पड़हा के वेल ने कहा की आज हमारे समाज में कई तरह की विसंगतियां आ गई है। जिस कारण रूढ़ि प्रथा व परंपरा का विघटन हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोग नशा के शिकार, आपसी विवाद व राजनीति के शिकार हो रहे हैं। इससे समाज को बचना पड़ेगा। इसके लिए सभी आदिवासी संगठन को पड़हा के साथ विचार कर सामूहिक रूप से समाज सुधार के लिए एक साथ काम करना होगा। वहीं उन्होंने कहा कि धर्म संस्कृति के नाम पर हमारे राजनीतिक सदस्य व नेताओं के सहयोगी संगठन विभिन्न समुदाय के सामने अपने बेटी बहनों को नाचने का काम कर रहे हैं। इससे लव जिहाद व धर्मांतरण कराने वालों को मौका मिल रहा है। इन विषयों पर संगठन को कड़ा रुख लेना पड़ेगा। मौके पर बेंजामिन लकड़ा, महावीर उरांव, संतोष उरांव, मनोज उरांव, गोवर्धन उरांव, चारवा उरांव, मंगरा उरांव, खड़िया उरांव, एतवा उरांव, श्याम सुंदर, महेंद्र, सुखेर, बसंत, करमा, राजू, मुंशी सहित अन्य लोग उपस्थित थे। भास्कर न्यूज|लोहरदगा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से हुई वोट चोरी का सबूत के साथ पर्दाफाश किया गया है। इसी संकल्प के साथ पूरे भारत वर्ष में कांग्रेस पार्टी ने “वोट चोरी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान” छेड़ दिया है। इसी कड़ी में लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सुखैर भगत के नेतृत्व में एवं प्रखंड अध्यक्ष जुगल भगत की अध्यक्षता में रविवार को भंडरा प्रखंड के आकाशी पंचायत में रेलवे स्टेशन के पास इस ऐतिहासिक अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीण और बुद्धिजीवी शामिल होकर लोकतंत्र बचाने का शंखनाद किया। जिलाध्यक्ष ने अपने सम्बोधन कहा कि वोट चोरी बर्दाश्त नहीं, संविधान पर आघात नहीं। भाजपा और चुनाव आयोग ने लोकतंत्र बेचने की कोशिश की है, हम इसे बचाने निकले हैं। हमारा हक और अधिकार छीनने वालों को अब जवाब मिलेगा। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता-राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद ने कहा कि वोट चोरी देश की आत्मा पर चोट है। लोकतंत्र बचाना हर नागरिक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत को जनता माफ नहीं करेगी। राहुल गांधी ने जो लड़ाई शुरू की है, अब यह आंदोलन जनआंदोलन बनेगा। देश के लिए, संविधान के लिए हर हस्ताक्षर एक क्रांति बनेगा। मौके पर जिलाध्यक्ष सुखैर भगत, प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव, जिला महासचिव संतोषी उरांव, प्रखंड अध्यक्ष जुगल भगत, बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष डोमना उरांव, प्रखंड उपप्रमुख राजमुनी उरांव, मंडल अध्यक्ष हामीद अंसारी, महताब आलम (कैरो), निरंजन उरांव, पंचायत अध्यक्ष चंदर उरांव, तबरेज अंसारी, मुबारक अंसारी, बिरसा उरांव, कालेश्वर उरांव, इम्तियाज अंसारी, जमील अंसारी, प्रर्मिला उरांव, ललिता उरांव, वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता व सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे। लोहरदगा|बिहार के मुजफ्फरपुर क्षेत्र के महान सूफी संत हजरत तैग़अली शाह रहमतुल्लाह अलैहि के सलाना उर्स-ए-मुबारक के पावन अवसर पर लोहरदगा जिला में तैगी कमेटी की ओर से भव्य ईद मिलादुन्नबी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसकी जानकारी कमेटी के सदस्य अब्दुल कलाम तैगी ने दी। उन्होंने बताया कि कमेटी के सदर गुलाम रब्बानी की अध्यक्षता में आगामी 24 सितंबर को यह ऐतिहासिक आयोजन संपन्न होगा। कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाने के लिए जफर तैगी, शाहबाज़, गुलाम मुस्तफ़ा, अफ़सर, सफ़ीरुद्दीन तैगी सहित कमेटी के सभी सदस्य पूरी निष्ठा से तैयारियों में जुटे हुए हैं। कमेटी ने कहा कि यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल को प्रगाढ़ करेगा, बल्कि जिले में आपसी सौहार्द, भाईचारे और मोहब्बत का संदेश भी देगा।


