शारदीय नवरात्रि के पहले दिन अंबिकापुर के मां महामाया मंदिर समेत शक्तिपीठों में सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। मां महामाया मंदिर में प्रथम पूजा परंपरा के अनुसार बैगाओं ने की। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोले गए। इसके अलावा, मां दुर्गा मंदिर गांधी चौक समेत सभी शक्तिपीठों में लोग पूजा अर्चना के लिए पहुंचे। देवी मंदिरों में पहले दिन ज्योति कलश भी प्रज्जवलित किए गए। दुर्गा पूजा समितियों ने पूजा अर्चना के बाद मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की। सोमवार को नवरात्र के पहले दिन मां महामाया मंदिर में सुबह 4 बजे से ही भक्तों की लाइन लग गई। परंपरा के अनुसार, बैगाओं ने मां महामाया की प्रथम पूजा की। इसके बाद मंदिर के पुजारी ने पूजा अर्चना की और श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोले गए। महामाया मंदिर में पहले दिन करीब 4000 से अधिक ज्योति कलश प्रज्जवलित किए गए। शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं का तांता नवरात्र के पहले दिन दुर्गा मंदिर गांधी चौक, संत हरकेवल दास दुर्गा मंदिर, वनदेवी मंदिर सांड़बार, काली मंदिर शंकरघाट, काली मंदिर लुचकी घाट समेत कई मंदिरों में भक्तों की कतार लगी रही। दुर्गा मंदिर सहित मां काली मंदिर में भी नवरात्र के पहले दिन मनोकामना ज्योति कलश प्रज्जवलित किए गए। दुर्गा पंडालों में पहले दिन होगी मूर्ति स्थापना शहर के दुर्गा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की पहले दिन प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुहूर्त के अनुसार, पंडालों में पहले दिन देवी प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। अंबिकापुर के कालीबाड़ी, दुर्गाबाड़ी, गुदरी चौक के पंडालों में सप्तमी को दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। दुर्गा पूजा समितियों ने पूरे शहर में आकर्षक सजावट की है। नवरात्र के दौरान बदली ट्रेफिक व्यवस्था नवरात्रि के दौरान महामाया प्रवेश द्वार से मां महामाया मंदिर मार्ग चारपहिया वाहनों के लिए प्रतिबंधित किया गया है। दोपहिया वाहन चालक इंद्र-वाटिका तक ही जा सकेंगे। यहां पार्किंग की व्यवस्था की गई है। चारपहिया वाहन चांदनी चौक से खैरबार मार्ग होते हुए महामाया मंदिर मार्ग से जा सकेंगे। नवरात्र के मद्देनजर लरंग साय चौक से भारत माता चौक तक सुबह 05 बजे से 12 बजे तक एवं शाम को 04 बजे से रात्रि 09 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश निषेध किया गया है। इसके अलावे शहर में यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं।


