सीजन के पहले फेरे में लग्जरी ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स सोमवार को जोधपुर पहुंची। ट्रेन को मंडोर रेलवे स्टेशन पर राजस्थानी परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। मेहमानों का स्वागत बैंड की धुन ‘केसरिया बालम पधारो म्हारे देश’ से हुआ। ट्रेन के प्रभारी भगतसिंह के अनुसार पैलेस ऑन व्हील्स के इस फेरे में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और भारत के कुल 38 पर्यटक सवार हैं, जिनमें 26 अमेरिकी, 2 ऑस्ट्रेलियाई और 10 भारतीय पर्यटक शामिल हैं। 17 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना हुई यह शाही ट्रेन अपनी निर्धारित यात्रा के अनुसार जयपुर, सवाई माधोपुर और चित्तौड़गढ़ के बाद जोधपुर पहुंची। ट्रेन का यह पहला फेरा इस सीजन का सबसे महत्वपूर्ण है क्योंकि पैलेस ऑन व्हील्स को दो साल पहले निजीकरण के बाद नया कलेवर दिया गया है। मंडोर स्टेशन पर शाही स्वागत मंडोर रेलवे स्टेशन पर विदेशी सैलानियों का स्वागत पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में किया गया। बैंड-बाजे की धुन ‘केसरिया बालम पधारो म्हारे देश’ से पर्यटक इतने मंत्रमुग्ध हुए कि वे भी नृत्य करने से खुद को रोक नहीं पाए। स्टेशन पर लोक कलाकारों ने विशेष प्रस्तुतियां दीं जिनसे विदेशी मेहमान काफी प्रभावित हुए। जोधपुर में पर्यटन स्थलों का भ्रमण स्वागत समारोह के बाद पर्यटकों को बसों के माध्यम से जोधपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया। पैलेस ऑन व्हील्स की यात्रा में जोधपुर के मेहरानगढ़ किला, उम्मेद भवन पैलेस और जसवंत थड़ा जैसे प्रमुख दर्शनीय स्थल शामिल हैं। दोपहर का भोजन पर्यटकों को लग्जरी अजीत भवन पैलेस में कराया गया। निजीकरण के बाद नया कलेवर 26 जनवरी 1982 को शुरू हुई पैलेस ऑन व्हील्स का दो साल पहले निजीकरण कर दिया गया था। इस सीजन में ट्रेन को नया कलेवर दिया गया है जिसमें 41 बाथरूमों का रेनोवेशन, बायो-टॉयलेट्स की सुविधा, नए फर्नीचर और लाइटिंग के साथ-साथ स्थानीय व्यंजनों को खाने के मेन्यू में शामिल किया गया है। निजी कंपनी ओ एंड एम ऑपरेटर भगत सिंह लोहागढ़ की ओर से ट्रेन का सफल संचालन किया जा रहा है। 2.87 लाख का प्रेसिडेंशियल सुइट इस सीजन में ट्रेन में प्रेसिडेंशियल सुइट का बनाया गया है, जो एक नई सुविधा है। यह 240 वर्ग फुट का है और पूरे ट्रेन में केवल एक ही प्रेसिडेंशियल सुइट है। इसकी कीमत ऑफ सीजन में प्रति रात 2,64,300 रुपए और पीक सीजन में 2,87,800 रुपए है। 4:30 बजे भरतपुर के लिए प्रस्थान जोधपुर में दिनभर घूमने और कुछ देर विश्राम के बाद ट्रेन अपनी अगली मंजिल भरतपुर की ओर रवाना होगी। यह शाही ट्रेन 7 दिनों की यात्रा में राजस्थान के प्रमुख शहरों के साथ-साथ आगरा और दिल्ली का भ्रमण कराती है। पैलेस ऑन व्हील्स को कॉन्डे नास्ट ट्रैवलर के 2024 रीडर्स चॉइस अवॉर्ड्स में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ लग्जरी ट्रेन का दर्जा प्राप्त है।


