बुरहानपुर जिले के नेपानगर की न्यू कॉलोनी में सोमवार दोपहर वन विभाग के डिप्टी रेंजर कृष्ण कुमार बर्मन ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पेट में गोली मार ली। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले नेपानगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बुरहानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कुछ दिन पहले रिश्वत लेते पकड़े गए थे
डिप्टी रेंजर बर्मन को 16 सितंबर को लोकायुक्त इंदौर की टीम ने 3 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। शिकायत अंबा गांव निवासी सदाशिव डावर ने की थी। बताया जा रहा है कि इसी मामले के दबाव और बदनामी के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद बर्मन का एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उन्होंने पांच लोगों – रेंजर शंकर सिंह चौहान, वनपाल नारायण, शिकायतकर्ता सदाशिव डावर, दिलीप बामन्या और नवल (कियोस्क सेंटर बोरी) – पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। बर्मन ने लिखा कि लोकायुक्त से उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया और उनकी छवि खराब की गई, इसलिए वे आत्महत्या का कदम उठा रहे हैं। अधिकारी बोले- जांच के बाद स्थित साफ होगी
वन विभाग नेपानगर के एसडीओ विक्रम सुलिया ने बताया कि डिप्टी रेंजर कृष्ण कुमार बर्मन ने अपने घर पर गोली मारकर खुद को घायल कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वे किसी दूसरे व्यक्ति पर फंसाने का आरोप लगा रहे थे और संभवतः उसी मामले के दबाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, नेपानगर थाना टीआई ज्ञानू जायसवाल ने बताया कि बर्मन ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पेट में गोली मारी है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बुरहानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है और गोली मारने की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।


