भास्कर न्यूज | बाड़मेर शहर के बाड़मेर मगरा में 24 बीघा जमीन पर बसी श्याम नगर निजी कॉलोनी में पिछले लंबे समय से भूखंड को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को बढ़ गया। निजी कॉलोनी में पार्क के लिए आरक्षित की गई जमीन पर सोमवार को जेसीबी लेकर पहुंचे कुछ लोगों का कॉलोनीवासियों ने विरोध किया। जेसीबी को रुकवाया व पार्क की जमीन पर अतिक्रमण करने का विरोध जताया। विरोध को देख जेसीबी संचालक मौके से भाग गया तथा थोड़ी ही देर में भूखंड पर निर्माण को लेकर लोग पहुंचे। कॉलोनीवासियों ने उन्हें भी कार्य करने से रोका तथा प्रशासन के आदेश के बाद ही इस भूखंड पर कार्य करने की बात कही। भूखंड पर निर्माण को लेकर दोनों गुटों में बढ़े विवाद के बाद ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची तथा मौके पर विरोध कर रहे एक व्यक्ति को पकड़ कर पुलिस थाने ले गई। श्याम नगर कॉलोनी निवासी अजय जाखड़ ने बताया कि कॉलोनी में भूखंडों की रजिस्ट्री करवाने के दौरान मकानों के पीछे 5 प्लॉटों को कम्यूनिटी प्लेस के रूप में रिजर्व किया गया था। काफी साल तक यह जमीन रिजर्व रही। लेकिन दो साल पहले इस जमीन पर एक व्यक्ति ने मालिकाना हक जमाना शुरू किया। साथ ही मौके पर जाकर मकान बनाने का कार्य भी शुरू किया। पार्क के लिए आरक्षित की गई जमीन पर होने वाले निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। वर्ष 2008 में डवलप इस कॉलोनी में 5 भूखंडों को कम्यूनिटी प्लेस के रूप में आरक्षित किया था। इस जमीन पर पार्क घोषित किया,लेकिन इस जमीन को लेकर दिनों दिन विवाद बढ़ता जा रहा है। स्थानीय कॉलोनीवासियों द्वारा एडीएम राजेंद्रसिंह चांदावत के पास गुहार लगाने गए। एसडीएम ने पटवारी, तहसीलदार, आरआई आदि की कमेटी बनाई तथा कमेटी के निर्णय के बाद ही काम करवाने का आदेश किया।


