जालंधर| पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए आर्थिक मदद राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल को दी गई। बाऊपुर मंड क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राजस्थान के गांव मेहराना के निवासियों ने 3 लाख 88 हज़ार 800 की सहायता भेजी। उन्होंने इच्छा जताई कि वे तीन-चार दिनों के लिए मंड क्षेत्र में आकर प्रभावित किसानों की मदद करना चाहते हैं। मेहराना ग्राम पंचायत की ओर से एकजुटता दिखाते हुए ग्रामीणों ने कहा कि संकट हमेशा इंसान को मज़बूत बनाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग बहुत बहादुर हैं और उन्होंने इतिहास को हमेशा नया मोड़ दिया है। बजरंग लाल ने कहा कि साल 1988 की बाढ़ से भी यह कहीं अधिक भयानक थी, जिसने बड़े पैमाने पर खेतीबाड़ी को तबाह कर दिया है। संत सीचेवाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्ष 2019 और 2023 की बाढ़ के दौरान उन्होंने जो सेवा की, उसे पूरा देश जानता है। अब जिस तरह वे बुड्ढा दरिया को प्रदूषण मुक्त करने में लगे हैं, उसका सबसे अधिक लाभ राजस्थान के लोगों को मिलेगा। इस अवसर पर भाई घनैया मानव सेवा ट्रस्ट सिरसा के मुख्य सेवादार भाई गुरविंदर सिंह ने बताया कि हरियाणा और राजस्थान के लोग बाढ़ से हुए नुकसान में संवेदना रखते हैं और हर संभव मदद के लिए तैयार हैं।


