भास्कर न्यूज | जालंधर महर्षि दयानन्द सरस्वती जी की 200वीं जयंती एवं आर्य समाज स्थापना के 150वें वर्ष पूरे होने के अवसर पर महाकुंभ ज्ञान ज्योति पर्व महोत्सव के आयोजन की तैयारी के लिए रविवार को आर्य प्रतिनिधि सभा पंजाब ने बैठक की। इसमें पंजाब की लगभग सभी आर्य समाजों से लगभग करीब 150 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए आर्य प्रतिनिधि सभा पंजाब के प्रधान सुदर्शन शर्मा, कमल किशोर वेद प्रचार अधिष्ठाता आर्य प्रतिनिधि सभा पंजाब, अशोक परूथी एडवोकेट रजिस्ट्रार आर्य विद्या परिषद पंजाब, आर्य नेता प्रकाश आर्य एवं विनय आर्य महामंत्री दिल्ली आर्य प्रतिनिधि सभा ने कहा कि महर्षि दयानन्द सरस्वती जी एवं आर्य समाज की वैदिक विचारधारा को गुंजायमान करने के संकल्प के साथ भारत की राजधानी दिल्ली में विश्वभर के आर्यों का महाकुंभ ‘ज्ञान ज्योति पर्व महोत्सव’ का आयोजन आर्य समाज सार्द्ध शताब्दी व अंतरराष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन 30 अक्टूबर से दो नवंबर तक स्वर्ण जयंती पार्क रोहिणी सेक्टर 10 में मनाया जा रहा है। उन्होंने सभी को इस सम्मेलन में भाग लेने का आह्वान किया। विनय आर्य ने कहा कि इस महासम्मेलन में देश-विदेश से आर्यजन भाग लेंगे। प्रधान सुदर्शन शर्मा ने जानकारी दी िक सम्मेलन में पीएम भी शिरकत करेंगे। इसमें शामिल होने के लिए पंजाब सभा रूपरेखा तैयार करेगी। बैठक में उप प्रधान सुदेश कुमार, उप प्रधान रणजीत आर्य, मंत्री विनोद भारद्वाज, सुनील शर्मा, वेद आर्य, विशाल परूथी एडवोकेट, कोषाध्यक्ष सुधीर शर्मा एवं अन्य उपस्थित थे।


