भास्कर न्यूज | अमृतसर सोमवार को शारदीय नवरात्र के पहले दिन शहर के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। हर भक्त अपने हाथों में पूजा सामग्री, लाल चुनरी, नारियल और अन्य सामान लेकर माता रानी के मंदिरों में पहुंचा। लंबी कतारों में खड़े भक्त अपनी बारी का इंतजार करते रहे। मंदिरों के कपाट सुबह 5 बजे ही खुल गए और मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं ने माथा टेकना शुरू कर दिया। दुर्ग्याणा स्थित शीतला माता मंदिर में सुबह के समय भक्तों ने श्री दुर्गा स्तुति पाठ किया, जबकि शाम को महामाई का गुणगान किया। इसी तरह, लॉरेंस रोड स्थित बिजली पहलवान मंदिर को पुजारियों ने फूलों और रोशनी से सजाया। मंदिर खुलते ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने दीपक जला माता रानी की आरती की और प्रसाद चढ़ाया। इससे पहले लोगों ने अपने घरों में घट स्थापित करके खेत्री बोई। रानी का बाग स्थित माता लाल देवी मंदिर में सुबह महिलाओं ने श्री दुर्गा स्तुति पाठ किए। दोपहर और रात को भजन संकीर्तन किया गया। लोगों ने मंदिरों में पहुंचकर कच्ची लस्सी चढ़ाकर परिवार की सुख शांति मांगकर माता रानी का आशीर्वाद लिया। गोपाल मंदिर, लौंगा वाली देवी माता मंदिर और लारेंस रोड माता कौशल्या देवी मंदिर में भजन संकीर्तन किया गया। वहीं भक्त भक्ति रंग में रंग गए।


