पंजाब से मानसून की विदायगी हो रही है। 5 दिन एक ही जगह अटके रहने के बाद सोमवार मानसून आधे राज्य से लौट गया, आने वाले चंद दिनों में पूरी तरह से अलविदा कह देगा। इस बार राज्य में मानसून सामान्य से 48 फीसदी अधिक बरसा है। वहीं, अब राज्य के तापमान में लगातार बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से लेकर अभी तक राज्य में 621.4 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्यता राज्य में 420.9 मिमी बारिश दर्ज होती है। वहीं, इस साल राज्य बाढ़ से जूझ रहा है। इसी बीच पंजाब के बांधों में जलस्तर अच्छा है। 22 सितंबर 2025 की सुबह 6 बजे दर्ज की गई जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के पोंग डैम का जलस्तर 1391.84 फीट पर दर्ज किया गया। इस समय डैम में 17,786 क्यूसेक पानी की आवक हो रही थी, जबकि 55,134 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही थी। इसी दिन और समय पर भाखड़ा डैम का जलस्तर 1677.07 फीट रहा। इसमें 36,637 क्यूसेक पानी की आमद हुई और 45,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। 7 दिन बारिश के आसार नहीं, शुष्क रहेगा मौसम मानसून की वापसी के साथ ही राज्य में आने वाले दिन शुष्क रहने वाले हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों तक राज्य में कहीं भी बारिश के आसार नहीं दिख रहे। बीते कुछ दिन से भी राज्य में बारिश नहीं हो रही, जिससे मौसम शुष्क बना हुआ है। जिसके चलते तापमान में हल्की-हल्की बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। दिन का तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है, जबकि रातें ठंडी हैं। राज्य में सबसे अधिक तापमान 36.8 डिग्री लुधियाना के समराला में दर्ज किया गया। इसके अलावा अमृतसर में सर्वाधिक तापमान 34.8 डिग्री, लुधियाना में 35 डिग्री, पटियाला में 35.4 डिग्री, पठानकोट में 34.7 डिग्री और बठिंडा में 36.6 डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब के प्रमुख शहरों का तापमान- अमृतसर- आसमान साफ रहेगा, तापमान में बदलाव बहुत कम होगा। तापमान 25 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। जालंधर- आसमान साफ रहेगा, तापमान में बदलाव बहुत कम होगा। तापमान 25 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। लुधियाना- आसमान साफ रहेगा, तापमान में बदलाव बहुत कम होगा। तापमान 24 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। पटियाला- आसमान साफ रहेगा, तापमान में बदलाव बहुत कम होगा। तापमान 25 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मोहाली- आसमान साफ रहेगा, तापमान में बदलाव बहुत कम होगा। तापमान 26 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।


