943 पेटी अवैध शराब के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार:पराली की आड़ में हो रही थी तस्करी, पंजाब से ले जा रहे थे गुजरात

हनुमानगढ़ की पीलीबंगा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस हाईवे पर रोही जाखड़ांवाली के रेस्ट एरिया से एक ट्रक को पकड़ा। ट्रक में पराली से भरे प्लास्टिक कट्टों की आड़ में पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की 943 पेटियां छिपाई गई थीं। इनमें कुल 11,316 बोतलें थीं। जब्त शराब और ट्रक की कीमत करीब दो करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी केशाराम (22) और बांकाराम (30) दोनों बाड़मेर जिले के चौहटन तहसील के रहने वाले हैं। पूछताछ में पता चला कि शराब को पंजाब से गुजरात ले जाया जा रहा था। एसपी हरी शंकर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान में एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में हेड कॉन्स्टेबल संजय कुमार, राकेश कुमार और कॉन्स्टेबल रामहरी, मांगीलाल, संदीप कुमार और नरेन्द्र कुमार शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *