डूंगरपुर सदर थाना क्षेत्र के छैला खेरवाड़ा गांव में गिरदावरी के लिए गए पटवारी और टीम के साथ खातेदार व उसके साथियों द्वारा मारपीट करने के मामले में कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित पटवारियों ने सोमवार को आधे दिन का कार्य बहिष्कार किया। उन्होंने डूंगरपुर एसडीएम ओर एडिशनल एसपी को ज्ञापन देकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग रखी। 26 सितम्बर तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। राजस्थान कानूनगो एवं पटवार संघ के बैनर तले सोमवार को जिले के पटवारी कार्य बहिष्कार करते हुए कलेक्ट्रेट पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह शक्तावत ने बताया कि डूंगरपुर जिले के मालपुर पटवारी नितिन पारगी ओर सर्वेयर की टीम 20 सितंबर को गिरदावरी के लिए छैला खेरवाड़ा गांव गए थे। इस दौरान एक महिला और उसका पति आया और टीम को धमकाया और पटवारी की गिरेबान पकड़कर जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद पटवारी पंचायत पहुंचा और मामले की जानकारी सरपंच को दी। जिस पर सरपंच पति गणेशलाल, पटवारी की टीम के साथ मौके पर पहुंचा। जहां पर खातेदार व उसके साथियों ने पटवारी व सरपंच पति पर धारिया, लट्ठ ओर पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान पटवारी ने भागकर अपनी जान बचाई लेकिन सरपंच पति को गंभीर चोट आई। जिस पर घायल सरपंच पति को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मामले को लेकर पटवारी नितिन पारगी ने मारपीट और राजकीय में बाधा को धाराओं में सदर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था लेकिन 3 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। इधर पुलिस द्वारा कार्यवाही नहीं किए जाने से आक्रोशित पटवारियों ने आज कार्य बहिष्कार किया और एसडीएम तथा एडिशनल एसपी को ज्ञापन सौंपा। एडिशनल एसपी द्वारा समझाइश के बाद पटवारियों ने कार्य बहिष्कार स्थगित कर दिया वही 26 सितंबर तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।


