अजमेर के दरगाह थाना क्षेत्र में घर से दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। पीड़ित ने घर में काम करने वाले पेंटर पर सोने-चांदी से भरे आभूषण का बैग चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर दरगाह थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरगाह थाना पुलिस के मुताबिक मोची मोहल्ला निवासी वसीम अकरम की ओर से थाने पर मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पीड़ित ने बताया कि उसके घर पर पुट्टी कलर का कार्य चल रहा था। जिसका 2 महीने से जमील नाम का व्यक्ति काम कर रहा है। पीड़ित ने बताया कि तीसरे फ्लोर पर काम शुरू करने को लेकर सारे सामान को खाली कर ऊपर शिफ्ट कर लिया था। लेकिन एक नीले कलर के ड्रम में सामान पड़ा था जिसे वहीं पर छोड़ दिया। इसी बीच पेंटर काम करते वक्त बिना बताए चुपचाप से घर से निकल गया। पड़ोसी ने उसे एक बैग ले जाते हुए देखा था। जब वह चेक करने गए तो ड्रम से एक बैग गायब था। जिसमें सोने-चांदी के आभूषण और नगदी थी। फिलहाल दरगाह थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


