राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (मानद विश्वविद्यालय), जयपुर में मंगलवार को 10वें आयुर्वेद दिवस सेलिब्रेट किया गया। इस अवसर पर भगवान धन्वंतरि की पूजा एवं हवन विधिवत संपन्न हुआ। संस्थान के कुलपति प्रोफेसर संजीव शर्मा ने बताया कि अब से हर वर्ष 23 सितम्बर को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम आयुर्वेद जन-जन के लिए, पृथ्वी के कल्याण के लिए रखी गई है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य की सुरक्षा करता है बल्कि पर्यावरण और पृथ्वी के संरक्षण का भी संदेश देता है। गौरतलब है कि इस वर्ष का राष्ट्रीय कार्यक्रम आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा गोवा में आयोजित किया गया है। वहीं जयपुर स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान ने भी इस अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया। आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में संस्थान के सभी विभागों द्वारा जयपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर लगाए गए तथा लोगों को आयुर्वेद के महत्व से अवगत कराने के लिए जागरूकता रैली भी निकाली गई। संस्थान में आयोजित पूजा-अर्चना में कुलपति प्रो. संजीव शर्मा के साथ प्रो. पी. हेमन्ता, संयुक्त निदेशक जे.पी. शर्मा, उपनिदेशक चंद्रशेखर शर्मा, चिकित्सालय अधीक्षक प्रो. अनुपम श्रीवास्तव सहित सभी चिकित्सक, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


