हाइफा हीरो मेजर दलपत सिंह का 107वां बलिदान दिवस:फलोदी में श्रद्धांजलि सभा और वाहन रैली का आयोजन, विधायक ने बताया शौर्य का इतिहास

फलोदी में मंगलवार को प्रथम विश्व युद्ध के महान योद्धा मेजर दलपत सिंह शेखावत का 107वां बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रावणा राजपूत समाज की ओर से श्रद्धांजलि सभा और वाहन रैली का आयोजन किया गया। मेजर दलपत सिंह ने 23 सितंबर 1918 को इजराइल के हाइफा शहर को तुर्कों से मुक्त कराने की ऐतिहासिक लड़ाई में सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी वीरता की गाथा न केवल भारत में, बल्कि विदेशों में भी प्रसिद्ध है। इजराइल में उन्हें ‘हाइफा हीरो’ के नाम से सम्मानित किया जाता है। कार्यक्रम की शुरुआत पुष्पांजलि सभा से हुई। विधायक पब्बाराम विश्नोई ने मेजर के शौर्य और पराक्रम को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। भामाशाह मेघराज कल्ला, प्रमोद कुमार और अन्य गणमान्य लोगों ने हरी झंडी दिखाकर वाहन रैली को रवाना किया। रैली के दौरान देशभक्ति गीतों की गूंज के बीच शहरवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। रैली मुख्य मार्गों से होते हुए नागौर चौराहे पर समाप्त हुई। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया। ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में रावणा राजपूत समाज के लोग कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम का संचालन मोहन सिंह जांबा ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, युवा अध्यक्ष आनंद सिंह सहित समाज के अनेक प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *