साल-2024 में सवाई माधोपुर की यह खबरे रही चर्चाओं में:रणथंभौर में बाघों की हुई मौत, हरीशचंद्र मीना बने सांसद

सवाई माधोपुर में साल 2024 में कई मामलें चर्चाओं में रहे। 1 दिन बाद नया साल है, सवाई माधोपुर ने इस दौरान कई पड़ाव देखे। कुछ अच्छे पल थे तो कुछ रुला देने वाली यादें भी थी। साल 2024 में बड़ी घटनाएं हुई तो क्राइम ने चौंका दिया।
इस साल कई बड़े हादसे हुए तो लोकसभा चुनाव में हरीशचंद्र मीना विधायक से सांसद बने। गंगापुर सिटी जिले का दर्जा पाने के बाद फिर से सवाई माधोपुर के अधीन आ गया। सवाई माधोपुर को विश्व मानचित्र पर स्थान दिलवाने का वाला रणथंभौर टाइगर रिजर्व बाघों की मौत और बाघ-बाघिन व शावकों के लापता रहने के कारण चर्चाओं में रहा। वहीं सवाई माधोपुर की 2 बेटियां KBC में पहुंची। अब पढ़िए साल 2024 की सवाई माधोपुर की प्रमख 20 खबरें… 1. एक्सप्रेस-वे पर चकनाचूर हुई कार, 6 की मौत, हादसे में 2 बच्चे घायल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए कार एक्सीडेंट में 6 लोगों की मौत हो गई। सवाई माधोपुर जिले में हुए इस सड़क हादसे में 2 बच्चे भी घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार कार सवार परिवार सीकर के खंडेला से रणथंभौर त्रिनेत्र गणेश मंदिर जा रहा था। बौंली थाना क्षेत्र में बनास पुलिया के पास उनकी कार एक ट्रैक्टर से भिड़ गई (पूरी खबर पढ़े) 2. टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के हरीशचंद्र मीना की जीत टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्‍याशी हरीशचंद्र मीना की जीत हुई। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी और लगातार 2 बार के सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया को 64 हजार 949 वोटों से हराया। इस हार के साथ ही जौनापुरिया जीत की हैट्रिक लगाने से चूक गए। चुनाव में हरीशचंद्र मीना को 6 लाख 23 हजार 763 वोट मिले है। वहीं सुखबीर सिंह जौनापुरिया को 5 लाख 58 हजार 814 वोट मिले है। ( पूरी खबर पढ़े ) 3. आरती के समय रोज मंदिर आता है भालू, पुजारी का बन गया दोस्त सवाई माधोपुर के रणथंभौर में सोलेश्वर महादेव मंदिर में एक भालू ने खासी सुर्खियां बटोरी। यह भालू रोज यहां मंदिर में पूजा के समय पहुंच जाता और आरती के बाद वापस जंगल में लौट जाता। इतना ही नहीं यह भालू, मंदिर के पुजारी का दोस्त भी बन चुका था। भालू को रोज पुजारी खाना भी खिलाते थे। इस दौरान भालू किसी को कोई नुकसान भी नहीं पहुंचाता, खाना खाकर भालू वापस चला जाता। (पूरी खबर पढ़े) 4. रणथंभौर में बाघ T-58 की मौत:रॉकी ने सुबह भैंस का शिकार किया, शाम को मिला शव रणथंभौर टाइगर रिजर्व से सितंबर माह में एक दुखद खबर आई‌। यहां हिंदवाड़ गांव में बाघ टी-58 रॉकी की मौत हो गई। बाघ के शव को नाका राजबाग स्थित वन्यजीवों के मुर्दाघर में रखवाया, जहां पोस्टमॉर्टम करवाया गया और इसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।( पूरी खबर पढ़े ) 5. 200 साल पुरानी परंपरा-अनोखी गोवर्धन पूजा:आतिशबाजी के बीच ट्रैक्टरों से लगाई परिक्रमा सवाई माधोपुर जिले के मलारना डूंगर तहसील के भारजा नदी गांव में गोवर्धन पूजा को देखने सैकड़ों लोग जुटे। यहां ट्रैक्टर, दोपहिया और चारपहिया वाहनों से गोवर्धन की परिक्रमा लगाई गई। 200 साल पुरानी इस परंपरा को निभाने सैंकड़ों लोग उमड़े। इस दौरान जमकर आतिशबाजी हुई। इस पूजा को देखने के लिए बच्चे और महिलाएं छतों पर चढ़ गए। गांव में मेला जैसा माहौल रहा। ( पूरी खबर पढ़े ) 6. रणथंभौर से 10 साल में 29 टाइगर गायब:टी-86 बाघ की मौत के बाद जागा वन विभाग रणथंभौर टाइगर रिजर्व में 3 नवंबर को बाघ टी-86 की हुई मौत के बाद खलबली मची। लगातार हो रही बाघों की मौत और इनके गायब होने की घटनाओं ने विभागीय अधिकारियों के होश उड़ा दिए। 4 नवंबर को चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन (CWLW) पवन कुमार उपाध्याय ने रणथम्भौर से गायब बाघों की जांच को लेकर तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया। (पूरी खबर पढ़े ) 7. सवाई माधोपुर की बेटी ने KBC में जीते 50 लाख, अमिताभ कराएंगे ब्रेन-ट्यूमर का इलाज​​​​​ सवाई माधोपुर के एंडा गांव की बेटी नरेशी मीणा (27) ने कौन बनेगा करोड़पति में 50 लाख रूपये ​जीते। अपने कोचिंग टीचर से इंस्पायर्ड होकर और नरेशी ने केबीसी का सफर तय किया। गेम शो की शूटिंग के लिए नरेशी ने जुलाई में हुई RAS की मुख्य परीक्षा भी छोड़ दी थी। नरेशी मीणा ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित हैं। अमिताभ बच्चन ने गेम शो के दौरान नरेशी का इलाज करवाने की भी बात कही। नरेशी मीणा ने 1 करोड़ के सवाल पर पर गेम छोड़ दिया था। ( पूरी खबर पढ़े ) 8. सवाई माधोपुर की सृष्टि के लिए बोले अमिताभ बच्चन-यू-ट्यूब चैनल शुरू करे, मैं फॉलो करूंगा सवाई माधोपुर की ही एक और बेटी गांव जटवाड़ा खुर्द निवासी सृष्टि शर्मा (28) ने केबीसी में 6.4 लाख रुपए जीतकर फिर से जिले का नाम रोशन किया। 12.50 के सवाल पर सृष्टि ने क्विट कर दिया। इसके बाद सृष्टि ने बताया कि अमिताभ बच्चन से मिलने का अनुभव बहुत खास रहा। उनको सामने देखकर, उनके सामने बैठकर विश्वास ही नहीं हो रहा था, सब कुछ एक सपने के जैसा लग रहा था। (पूरी खबर पढ़े ) 9. केविन पीटरसन के साथ बाघिन रिद्धी ने खेली लुक्का छिप्पी:बाघिन और‌ शावकों ने डेढ़ घंटे तक छकाया​​​​​​​ रणथंभौर टाइगर रिजर्व में इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन अपने परिवार के साथ टाइगर सफारी करने आएं। यहां वे बाघिन रिद्धि व उसके शावक खूब लुक्का-छिप्पी खेलते दिखाई दिए। पीटरसन ने अपने परिवार के साथ शाम की पारी में टाइगर सफारी का लुफ्त उठाया। यहां बाघिन रिद्धी व उसके शावकों ने करीब डेढ़ घंटे तक पीटरसन परिवार को खूब छकाया। बाघिन और उसके शावकों ने पीटरसन परिवार के साथ खूब लुक्का छिप्पी खेली। वे अपनी झलक दिखाकर झाड़ियों में ओझल हो जाते। अंत में जाकर बाघिन और शावकों ने कुछ देर के लिए पीटरसन परिवार को अपनी झलक दिखाई। जिसे देखकर पीटरसन परिवार खासा उत्साहित नजर आया। (पूरी खबर पढ़े ) 10. किरोड़ीलाल बोले-मंत्री बनने के बाद मैं शिखंडी बन गया:जो करने की शक्ति थी, वो भी नहीं रही​​​​​​​​​​​​​​ मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद किरोड़ीलाल मीणा संकेतों में बयान देकर बार-बार अपनी मजबूरी भी जाहिर की। किरोड़ीलाल ने कहा कि मंत्री बनने के बाद तो मैं शिखंडी बन गया हूं, जो करने की शक्ति थी, वो भी नहीं रही है। किरोड़ी ने कहा कि यह वो हटीले हमीर की धरती है, जिसने अपने वचन को निभाने के लिए प्राण न्यौछावर कर दिए। मैंने भी आपको वचन दे दिया है, मैं किसी के सामने सिर नहीं झुकाऊंगा। (पूरी खबरे पढ़े ) 11. मलाइका-सारा अली, नुसरत सवाई माधोपुर में बिजनेसमैन की पार्टी में थिरकीं​​​​​​​ ससवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा स्थित होटल सिक्स सेंसेज में 6 अक्टूबर की रात यादगार बन गई। मलाइका अरोड़ा, सारा अली खान, नुसरत भरूचा जैसी बॉलीवुड एक्ट्रेस ने अपने परफॉर्मेंस से खूब मनोरंजन किया। मेहमानों को 100 से ज्यादा वैरायटी के व्यंजन परोसे गए। 200 से अधिक ड्रोन की मदद से आसमान में आकर्षक आकृतियां बनाई गईं, जिसे देखकर लोगों के चेहरे खिल उठे।​​ (पूरी खबरे पढ़े ) 12. वसुंधरा राजे ने कथावाचक मुरलीधर महाराज से की मुलाकात पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया 5 सितंबर को सवाई माधोपुर पहुंची। वह झालावाड़ से धौलपुर जा रही थी। इस दौरान यहां वसुंधरा राजे करीब 1 घंटे तक रणथम्भौर रोड स्थित होटल मीरा महल में रूकी। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे गुरुवार को अचानक सवाई माधोपुर आ पहुंची। सवाई माधोपुर पहुंचकर उन्होंने रणथम्भौर रोड स्थित प्रसिद्ध कथावाचक मुरलीधर महाराज का आशीर्वाद लिया और उनसे मंत्रणा की। (पूरी खबरे पढ़े ) 13. रणथंभौर में प्रियंका ने 3 घंटे ‘रिद्धि’ का पीछा किया,बेटे के साथ सफारी कांग्रेस महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा रणथंभौर टाइगर रिजर्व में सफारी की। सफारी के दौरान प्रियंका गांधी की जिप्सी3 घंटे तक बाघिन रिद्धि के पीछे-पीछे घूमती रही। इस दौरान प्रियंका गांधी के बेटे रेहान भी उनके साथ थे। इस दौरान सेंचुरी के जोन-3 में उन्हें बाघिन रिद्धि ओर उसकी बेटी माही दिखी।​​​​​​​ (पूरी खबर पढ़े ) 14. पालिका चेयरमैन को हनीट्रैप में फंसाया, 1 करोड़ मांगे:रातभर बंधक बनाए रखा, महिला समेत 5 गिरफ्तार नगर पालिका चेयरमैन को हनीट्रैप में फंसा कर बदमाशों ने 1 करोड़ रुपए फिरौती मांगी। चेयरमैन के साथ ड्राइवर को भी बंधक बनाए रखा। इसके बाद गैंग के ही एक आरोपी को अपने समाज का हवाला देकर चेयरमैन ने परिजनों को लोकेशन भेजकर बुलाया। परिजनों के पहुंचने पर बदमाश फरार हो गए।​​​ ( पूरी खबर पढ़े ) 15. चौथ का बरवाड़ा रेलवे स्टेशन को दिए 25 करोड़:रेल मंत्री ने किया कवच 4.0 का निरीक्षण​​​​​​​ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सितंबर में सवाई माधोपुर के दौरे पर रहे। वह यहां निरीक्षण ट्रेन से पहुंचे। इस दौरान उन्होंने यहां पर कवच टावर व रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान रेल मंत्री ने कहा कि यूरोपियन कंट्रीज में कवच सिस्टम 1960-70 के दशक में शुरू हो गया था। लेकिन पिछली सरकारों की उदासीनता के चलते यहां पर यह सिस्टम लागू नहीं हो पाया। (पूरी खबर पढ़े) 16. रणथंभौर में 2 बाघों की लड़ाई में 1 की मौत:गले पर दांतों के गहरे निशान, गर्दन-पैर पर पंजे मारे रणथंभौर नेशनल पार्क में 2 बाघों की लड़ाई में 1 बाघ की मौत हो गई। वन कर्मियों ने ट्रैकिंग के दौरान झाड़ियों में साढ़े 3 साल के बाघ का शव पड़ा देखा। बाघ की गर्दन और पैरों पर चोट के निशान मिले । गले पर दांतों के गहरे निशान थे । (पूरी खबर पढ़े ) 17. यह बिल्ली 11 फीट ऊंची छलांग लगाकर शिकार दबोचती है:पेड़ पर भी बचना मुश्किल बाघों के लिए दुनिया भर में मशहूर रणथंभौर में एक और शानदार शिकारी है, जिसकी चर्चा न के बराबर होती है। यह है कैरेकल यानी सियागोश। यह दुनिया के सबसे दुर्लभ जंगली जानवरों में शामिल है। सियागोश विलुप्त होने की कगार पर है। यह मिडिल ईस्ट, अफ्रीका, मध्य एशिया के जंगलों में अधिक पाई जाती है। कैरेकल राजस्थान के रणथंभौर और गुजरात के कच्छ इलाके में पाई जाती है। रणथंभौर में 35 से अधिक सियागोश हैं। कैरेकल मध्यम आकार की जंगली बिल्ली होती है। इसकी ऊंची छलांग लगाने की क्षमता काफी अधिक होती है। (पूरी खबर पढे ) 18. ​​​​​​​​​​​​​​बाघिन-उसके शावकों ने 2 मिनट में सांभर का शिकार किया,VIDEO:घसीटते हुए पानी में ले गए सवाई माधोपुर के रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघिन टी-84 और उसके 2 शावकों ने 2 मिनट में एक सांभर का शिकार किया। बाघिन और उसके शावकों के शिकार करने का वीडियो सामने आया। रणथंभौर टाइगर रिजर्व में जोन नंबर-2 में बाघिन ऐरोहेड और उसके 3 शावकों को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। (पूरी खबर पढ़े ) 19. रणथंभौर में 4 दिन में टाइगर का दूसरा हमला:फोर्ट के पास टूरिस्ट को किया घायल सवाई माधोपुर के रणथंभौर में त्रिनेत्र गणेश मंदिर में दर्शन करने आए एक पर्यटक पर टाइगर ने अटैक कर दिया। टूरिस्ट घायल हो गया। उसके हाथ पर खरोंच आई है। टाइगर ने हमला रणथंभौर दुर्ग के नोलखा गेट के पास किया। हमला करने वाला टाइगर बाघिन ऐरोहेड का शावक बताया गया। (पूरी खबर पढ़े ) 20. ​​​​​​​3 राज्यों को मिलकर बनेगा देश का सबसे बड़ा चीता-कॉरिडोर:राजस्थान के साथ एमपी और यूपी के 22 जिले जुड़ेंगे राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश को मिलाकर देश का सबसे बड़ा चीता कॉरिडोर बनाया जाएगा। राजस्थान और एमपी सरकार के बीच इसे लेकर एमओयू होने वाला है। इसको लेकर सवाई माधोपुर में राजस्थान और मध्यप्रदेश के चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन की बैठक हुई। 1500 से 2000 किलोमीटर तक के इस कॉरिडोर से तीनों राज्यों के 22 जिले जुड़ेंगे। यह चीता कॉरिडोर मध्य प्रदेश के कूनो से शिवपुरी होकर राजस्थान के मुकुंदरा टाइगर रिजर्व से होते हुए मंदसौर के गांधी सागर सेंचुरी तक फैला होगा। (पूरी खबर पढ़े )

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *